संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जिले में मानसून के जाते-जाते एक बार फिर गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। हाल ही में हुई बारिश के बाद अब उमस और चिपचिपी गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया है। मौसम लगातार बदलाव के दौर से गुजर रहा है। शनिवार को सुबह तेज धूप निकलने से अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। हालांकि, हवा की तेज रफ्तार ने कुछ हद तक राहत जरूर दी।
मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को मौसम साफ रहेगा, जबकि अगले सप्ताह बारिश की संभावना बनी हुई है। सावन के शुरुआती छह दिन बारिश के साथ बीते, लेकिन अब दो दिनों से आसमान पूरी तरह साफ है, जिससे तापमान फिर से बढ़ने लगा है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 34.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा की गति 19 किलोमीटर प्रति घंटा रही, जिससे कुछ राहत जरूर मिली। दोपहर के समय कुछ क्षेत्रों में बादलों की आवाजाही के चलते मौसम हल्का सुहावना रहा।
हालांकि तापमान में उतार-चढ़ाव और बारिश के कारण बीमारियों का खतरा भी बढ़ने लगा है। जलभराव वाले क्षेत्रों में मच्छरों के पनपने से डेंगू और मलेरिया का खतरा मंडराने लगा है। जिला नागरिक अस्पताल में खांसी, उल्टी-दस्त और वायरल बुखार के मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी देखी जा रही है। सामान्य दिनों की तुलना में ओपीडी में मरीजों की संख्या अधिक हो गई है।
स्वास्थ्य विभाग ने स्थिति को देखते हुए सतर्कता बढ़ा दी है। विभाग की टीमें घर-घर जाकर लार्वा की जांच कर रही हैं और लोगों को बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
कृषि विज्ञान केंद्र कैथल के मौसम विशेषज्ञ रमेश चंद्र वर्मा ने बताया कि शनिवार और रविवार को आसमान साफ रहेगा, जिससे धूप के कारण तापमान में वृद्धि संभव है। हालांकि अगले सप्ताह बारिश की संभावना है, जिससे तापमान में फिर गिरावट आएगी।