संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। मूंदड़ी गांव में बिजली संकट से परेशान ग्रामीणों के प्रदर्शन के बाद अब हालात में सुधार देखने को मिला है। निगम ने गांव में बिजली आपूर्ति बढ़ाकर 13 घंटे कर दी है, जबकि इससे पहले ग्रामीणों को केवल 8 घंटे ही बिजली मिल रही थी। इससे ग्रामीणों को आंशिक राहत मिली है।
बीते शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे बिजली की कमी से परेशान ग्रामीणों ने कैथल-करनाल रोड पर जाम लगा दिया था। ग्रामीण सड़क के बीच बैठ गए और जोरदार नारेबाजी की। करीब दो घंटे 20 मिनट तक चले इस प्रदर्शन के कारण यातायात भी प्रभावित रहा। एसडीएम संजय कुमार ने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने का भरोसा दिलाया, जिसके बाद ग्रामीणों ने जाम खोल दिया। ग्रामीण राजबीर और मनोज का कहना है कि गर्मी के मौसम में उन्हें 16 घंटे बिजली की आवश्यकता है। विभाग को हमारा ध्यान देना चाहिए।
बिजली चोरी बड़ी चुनौती
बिजली विभाग के एक्सईएन गौरव के अनुसार गांव में करीब 80 प्रतिशत बिजली चोरी हो रही है, जो आपूर्ति में बाधा का मुख्य कारण है। उनका कहना है कि यदि बिजली चोरी पर रोक लगाई जाए तो गांव में और बेहतर आपूर्ति दी जा सकती है।