संवाद न्यूज एजेंसी
पूंडरी, कलायत। चुनाव प्रचार के बीच शनिवार को दिल्ली के पूर्व सीएम व आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पूंडरी कस्बा में रोड शो किया और कलायत के गांव बालू में जनसभा की। इस दौरान केजरीवाल ने कहा कि अब आम आदमी पार्टी दिल्ली और पंजाब के बाद अब हरियाणा में बदलाव लाएगी। कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और बिजली के प्रबंध को लेकर सुविधाएं देंगे। अब तक रही सरकारों पर कटाक्ष करते हुए केजरीवाल ने कहा कि वर्ष 1967 से ही पूंडरी विधानसभा क्षेत्र है। यह पूरे जिले में केवल एकमात्र ऐसा विधानसभा क्षेत्र है, जो सब डिवीजन तक नहीं है। आज तक आई सरकारों ने पूंडरी को सब डिवीजन तक का दर्जा नहीं दिलवा सकीं। केजरीवाल ने कहा कि आप की सरकार आते ही कैथल में सबसे पहले काम पूंडरी को सब डिवीजन बनाने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी के कारण हरियाणा का युवा अवैध रास्तों से विदेश जाने को मजबूर हैं। उन्हें नौकरी देनी आती है और उनकी मंशा भी है। दूसरी पार्टियां सत्ता आने पर पैसा कमाने में लग जाती हैं, लेकिन वह राजनीति में पैसा कमाने नहीं आए। ईमानदारी से काम करते हैं, तभी इतना काम कर पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली व पंजाब में मोहल्ला क्लीनिक बना दिए और अब हर महिला के खाते में एक हजार रुपये देने जा रहे हैं। वहीं, कलायत के गांव बालू में केजरीवाल ने कलायत से प्रत्याशी अनुराग ढांडा के पक्ष में संबोधित करते हुए कहा कि इन लोगों ने मुझे पांच महीने झूठे केस में जेल में रखा। जेल में मुझे तोड़ने की बहुत कोशिश की, तरह-तरह की यातनाएं दी। इनका मकसद किसी भी तरह मुझे झुकाना था। कई दिनों तक इन्होंने मेरी दवाई भी बंद रखी थी, पता नहीं मेरे साथ क्या करना चाहते थे? ये मुझे तोड़ना चाहते थे, लेकिन इनको ये नहीं पता कि मैं हरियाणा हरियाणा का छोरा हूं। ये किसी को भी तोड़ सकते हैं, लेकिन हरियाणा वाले को नहीं तोड़ सकते।
केजरीवाल ने कहा कि कलायत के बच्चे जमीन बेचकर अवैध तरीके से विदेशों में जा रहे हैं। आपके बच्चों को विदेश जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। राजौंद में जिस जगह सीवरेज प्लांट लगना था वो नहीं लगा, महिलाओं को कॉलेज खुलाना था वो नहीं खुला। दिल्ली और में ऐसे काम किए 75 साल में ऐसे काम किसी नेता और पार्टी ने पूरी देश में नहीं किए। पूरे देश में केवल दो राज्य दिल्ली और पंजाब हैं, जहां 24 घंटे और मुफ्त बिजली मिलती है। दिल्ली में बिजली का बिल जीरो आता है। दिल्ली में इनवर्टर और जनरेटर की दुकानें बंद हो गई। हरियाणा में भी केवल अरविंद केजरीवाल ही बिजली के बिल जीरो कर सकता है। कलायत की गंभीर समस्या यह है कि गंदा पानी गांव से बाहर नहीं जा रहा और पीने का पानी घर के अंदर नहीं आ रहा। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता, प्रसिद्ध गायक कुलबीर दनोदा (केडी), अनु कादियान मौजूद रहे।