संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। नियमों में बदलाव के बाद जिले के विभिन्न थानों में प्रथम जुलाई को अपराध संबंधित सात मामले दर्ज किए गए। हालांकि इनमें से तीन मामले पुरानी धाराओं के तहत दर्ज हुए, जबकि नई धाराओं के तहत दो मामले दर्ज हुए। नई धाराओं के अनुसार एक मामला ट्रैक्टर की बैटरी चोरी होने का रहा, जबकि दूसरा मामला हत्या के प्रयास से संबंधित रहा।
इसके अलावा पुरानी धाराओं के तहत दर्ज मामलों में एक मामला युवती के लापता होने का और दो मामले बाइक चोरी के दर्ज किए गए। इसके अलावा दो मामले मादक पदार्थ व शराब तस्करी से संबंधित रहे, जिनमें एनडीपीएस एक्ट और द पंजाब एक्साइज एक्ट के तहत केस दर्ज हुआ।
वहीं, दूसरी ओर नए नियमों के प्रति कर्मचारियों और लोगों को जागरूक करने का पुलिस का अभियान दूसरे दिन भी जारी रहा। विभिन्न थाना-चौकियों में अधिकारियों ने कर्मचारियों और आजमन को नए नियमों के बारे में जानकारी दी। किस अपराध के लिए कौनसी धारा प्रयोग होगी और कार्रवाई का क्या प्रावधान रहेगा। इसे लेकर अनुसंधान अधिकारियों को प्रशिक्षित किया गया।
साथ ही आमजन को बताया गया कि नए नियमों के तहत किसी अपराध के लिए निर्धारित सजा को सख्त किया गया है। आमजन अपराध से बचें और दूसरों को भी बचे रहने के लिए प्रेरित करें।
एसपी उपासना ने बताया कि विभिन्न थानों में दर्ज मामलों के अनुसार जो वारदात 30 जून तक हुई हैं, उनकी शिकायत पर पुरानी धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। एक जुलाई को जो घटनाएं हुई हैं, उनमें नए नियमों और धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। लगाई गई धाराओं के तहत पुलिस की ओर से कार्रवाई की जाएगी।