फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kaithal News: इंदिरा गांधी महिला महाविद्यालय में 20 साल बाद 22 को होगा चुनाव

विज्ञापन
01-कैथल। आईजी कॉलेज का मुख्य द्वार। - फोटो : Kaithal
विज्ञापन
नसीब सैनी
विज्ञापन

कैथल। इंदिरा गांधी महिला महाविद्यालय की प्रबंधक समिति एवं मातृ संस्था महिला महाविद्यालय समिति के आगामी 22 जनवरी को होने वाले चुनाव के लिए 20 साल बाद मतदान की संभावनाएं बन गई हैं। नामांकन पत्र वापस लेने की तिथि तक प्रधान व उप-प्रधान पद के लिए एक से अधिक उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। हालांकि नामांकन पत्र वापस लेने अंतिम तिथि आठ जनवरी के बाद 11 जनवरी को पारिवारिक सहमति से प्रतिद्वंद्वी उम्मीदवारों ने अपना नामांकन पत्र वापस ले लिया है, लेकिन इस पक्ष का कहना है कि उनकी उम्मीदवारी अभी कायम है। अब देखना होगा कि चुनाव अधिकारी नामांकन पत्र वापस लेने की तिथि निकल जाने के बाद आए नामांकन पत्र वापस लेने के आवेदनों पर गौर करेंगे या नहीं। इतना ही नहीं इस बार संस्था के 83 नए सदस्य बनाए जाने पर भी आपत्ति उठी है। रोहित खुरानिया ने इस संबंध में जिला रजिस्ट्रार कार्यालय में आवेदन देकर चुनाव स्टे करने की मांग की थी। इसे जिला रजिस्ट्रार कार्यालय ने स्वीकार नहीं किया।
गौरतलब है कि हरियाणा की महिला शिक्षा के क्षेत्र में इंदिरा गांधी महिला महाविद्यालय एक जानीं-मानीं संस्था है। पिछले तीन-चार सालों से इस संस्था की बेटियों ने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में परीक्षा परिणाम में खूब नाम रोशन किया है। संस्था आईजी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भी संचालित कर रही है। संस्था के मौजूदा प्रधान जगदीश बहादुर खुरानिया की अगुवाई में गत 15 दिसंबर को 685 सदस्यों नई मतदाता सूची जारी की थी। इसमें 83 नए सदस्य जोड़े गए थे। इसके बाद 19 दिसंबर को चुनावी शेड्यूल जारी किया। इसमें छह जनवरी तक नामांकन पत्र भरने की तिथि निर्धारित की थी। आठ जनवरी को नामांकन पत्र वापस लिए जाने की अवधि थी। अब 22 जनवरी को चुनाव होना है।
विज्ञापन

कॉलेज के नोटिस बोर्ड पर चस्पा पत्रों के अनुसार नामांकन पत्र वापस लिए जाने के बाद महिला महाविद्यालय समिति के प्रधान पद के लिए विपुल खुरानिया व जगदीश बहादुर खुरानिया के नामांकन पत्र बच गए। उप-प्रधान के तीन पदों के लिए विपुल खुरानिया, राजेश खुरानिया, निखिल खुरानिया, सुभाष शर्मा, जयचंद बजाज, बालकृष्ण लाटका व श्याम बहादुर खुरानिया के नामांकन पत्र बच गए। इसी प्रकार से महासचिव पद के लिए रोहित खुरानिया, राम बहादुर खुरानिया एवं ईश्वर दास गुप्ता के नामांकन पत्र मैैदान में रह गए। यहां यह उल्लेख जरूरी है कि इस समिति में उप-प्रधान पद के तीन, संयुक्त सचिव के दो सदस्यों का चुनाव होना है। शेष पदों के लिए एक-एक उम्मीदवार का ही चयन होना है।
महाविद्यालय समिति के अधीनस्थ संस्था इंदिरा गांधी महिला महाविद्यालय की प्रबंधक समिति के प्रधान पद के लिए रोहित खुरानिया एवं राम बहादुर खुरानिया, उप-प्रधान पद के लिए रोहित खुुरानिया, राहुल खुरानिया एवं अरविंद कुमार खुरानिया एडवोकेट के नामांकन पत्र बचे हैं।
ये बोले दोनों पक्ष
महाविद्यालय समिति के मौजूदा अध्यक्ष जगदीश बहादुर खुरानिया ने कहा कि मतदाता सूची को लेकर जताई आपत्ति के बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं हैं। जिन उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए थे, उनमें सभी पदों के लिए एक-एक सदस्य को छोड़कर नामांकन पत्र वापस ले लिए हैं। अब महिला महाविद्यालय समिति के लिए प्रधान पद के लिए जगदीश बहादुर खुरानिया, उपप्रधान के तीन पदों के लिए बालकृष्ण लाटका, सुभाश शर्मा एवं जयचंद बजाज, महासचिव के लिए रामबहादुर खुरानिया एवं संयुक्त सचिव के दो पदों के लिए सुरेश गुप्ता एवं सतीश चावला व कोषाध्यक्ष के लिए नरसीमल का नाम उम्मीदवार के तौर पर बचे हैं। इसी प्रकार से कॉलेज प्रबंधक समिति के प्रधान पद के लिए रामबहादुर खुरानिया, उपप्रधान पद के लिए अरविंद खुरानिया, महासचिव पद के लिए नरेंद्र मिगलानी एवं कोषाध्यक्ष पद के लिए बालकृष्ण लाटका का नाम शेष है। जगदीश बहादुर खुरानिया ने कहा कि नामांकन पत्र वापस लेने की तिथि निकलने के बाद कुछ नामांकन पत्र आए हैं, उन पर फैसला चुनाव अधिकारी या रजिस्ट्रार कार्यालय को लेना है।
रोहित खुरानिया ने की चुनाव स्टे करने की मांग
संस्था सदस्य रोहित खुरानिया ने जिला रजिस्ट्रार कार्यालय में आवेदन देकर नए बनाए 83 सदस्यों पर आपत्ति जताई। उन्होंने अपने आवेदन में नए सदस्यों के लिए आईकार्ड न जारी करने, चैक से भुगतान न लेने व सभी सदस्यों को बिना बताए सूची में जोड़ने का आरोप लगाकर चुनाव को स्थगित करने की मांग की। रोहित खुरानिया ने कहा कि उनके पक्ष की ओर से महिला महाविद्यालय समिति में प्रधान पद के लिए विपुल खुरानिया, उप-प्रधान के लिए निखिल खुरानिया, विपुल खुरानिया व राजेश खुरानिया मैदान में हैं। कॉलेज समिति में प्रधान पद पर वे स्वयं रोहित खुरानिया, उप-प्रधान पद के लिए रोहित खुरानिया चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनके ग्रुप का चुनाव निशान उगता सूरज है। उन्होंने पारिवारिक दबाव में नामांकन पत्र वापस लेने की अंतिम तिथि निकलने के बाद 11 जनवरी को एक कागज पर नामांकन पत्र वापस लेने की बात लिखकर दी थी, लेकिन उनके पक्ष के सभी उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।
विज्ञापन

इस संबंध में जिला रजिस्ट्रार कार्यालय के उद्योग विस्तार अधिकारी नितिश डेमला ने कहा कि महिला महाविद्यालय समिति के चुनाव 22 जनवरी को निर्धारित हैं। एक सदस्य ने 83 नए सदस्यों की सूची पर निर्धारित अवधि निकलने के बाद आपत्ति भेजी है। इस कारण इस पर गौर नहीं किया जा सका। वे अपील में जा सकते हैं। नामांकन पत्र वापसी का फैसला चुनाव अधिकारी को करना है। उधर, चुनाव अधिकारी एडवोकेट रमेश दुआ ने कहा कि चुनाव 22 जनवरी को होगा। कॉलेज के नोटिस बोर्ड पर उम्मीदवारों की सूची चस्पा की गई है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें