संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। वकील पर हमला करने के आरोपी की गिरफ्तारी न होने के विरोध में जिला बार एसोसिएशन के आह्वान पर अधिवक्ताओं ने मंगलवार को हड़ताल कर अपना कामकाज ठप रखा। नाराज वकीलों ने विरोध स्वरूप न्यायालय परिसर में प्रदर्शन भी किया। प्रदर्शन की अध्यक्षता जिला बार एसोसिएशन के प्रधान बलजिंद्र सिंह मलिक ने की।
गौरतलब है कि एक स्टील व्यापारी ने कुछ दिन पहले ही एक वकील पर हमला कर दिया था। अभी तक पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तार नहीं किया है। इसके विरोध में वकीलों ने सोमवार को ही कामकाज ठप रखने का एलान किया था। वहीं, कामकाज ठप होने के कारण मंगलवार को न्यायालय परिसर में लोगों के काम भी नहीं हो पाए। इस कारण उन्हें इधर-उधर भटकना पड़ा। क्योंकि प्रदर्शन के कार्यक्रम के तहत वकील कोर्ट में पेश नहीं हुए थे।
यह है पूरा मामला ः जिला बार एसोसिएशन के प्रधान बलजिंद्र सिंह मलिक ने बताया कि कैथल के वकील भूपेंद्र सिंह विर्क ने अमरगढ़ गामड़ी के एक दुकानदार अमित से 70 हजार रुपये में लोहे की ग्रिल का काम करवाया था। वकील ने उसे 50 हजार रुपये मौके पर दे दिए और 20 हजार रुपये बाद में देने की बात कही।
जब वकील बाद में उसे 20 हजार रुपये देने गए तो अमित गुस्से में आ गया और अपने कारीगरों को बुलाकर उस पर लोहे की रॉड व मुक्कों से हमला कर दिया। आरोप है कि अमित सेठ ने वकील से 20 बीस हजार रुपये ले लिए व उस राशि से अलग 20 हजार रुपये भी छीन लिए। आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी।
इस बारे में थाना सिविल लाइन में केस दर्ज किया गया था, आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। मलिक ने कहा कि यदि वकील पर हमला करने वाले की शीघ्र गिरफ्तारी न हुई तो वे हरियाणा की बार एसोसिएशन से पूरे प्रदेश में हड़ताल का आह्वान करेंगे।
न्यायालय में पहुंचे लोग बोले
काम नहीं हो सका
बाइक की आरसी से संबंधित काम था, लेकिन वकीलों की ओर से किए गए वर्क सस्पेंड के कारण अब उसे अगले दिन आना पड़ेगा। इस कारण काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। -रमन कुमार, शहरवासी
दोबारा आना पड़ेगा
केस चल रहा है। मंगलवार को पेश होना था, लेकिन वकीलों की ओर से बंद किए काम काज के कारण न्यायालय में पेशी को लेकर अभी आगामी तिथि नहीं मिल पाई है। अब दोबारा कोर्ट में आना पड़ेगा।
-सुनील कुमार, गांव खेड़ी निवासी
सभी अदालतों में बार एसोसिएशन की तरफ से परोक्सी कौंसल नियुक्त किए गए थे, जो आज के केसों की तारीख ले रहे थे। क्लाइंट्स को किसी भी तरह की परेशानी नहीं आने दी गई।
-बलजिंद्र सिंह मलिक, प्रधान-जिला बार एसोसिएशन