संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जिले के कॉलेजों में दाखिला प्रक्रिया के तहत रविवार को छुट्टी के दिन भी विद्यार्थियों ने फीस जमा करवाकर दाखिला लिया। इसी कड़ी में रविवार को आरकेएसडी कॉलेज कैथल में दूसरी मेरिट सूची के तहत दाखिला प्रक्रिया सुचारु रूप से जारी रही।
गौरतलब है कि दूसरी सूची के तहत दाखिले की अंतिम तिथि 15 जुलाई है। यदि दाखिला प्रक्रिया में तिथियों में कोई और विस्तार नहीं होता है तो उम्मीद है कि 15 जुलाई के बाद खुली दाखिला प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। साथ ही पोर्टल 17 जुलाई को फिर से खुलेगा, यानी यदि कोई अभ्यर्थी पंजीकरण के बिना रह गया है तो वह पोर्टल पर पंजीकरण करवाकर खुद को दाखिले के लिए पात्र बना सकता है। प्राचार्य डॉ. संजय गोयल ने बताया कि कॉलेज ने समाजशास्त्र, जनसंचार और मनोविज्ञान विषयों में नए पाठ्यक्रम शुरू करने की मंजूरी सफलतापूर्वक प्राप्त कर ली है।
डॉ. गोयल ने बताया कि इन सभी पाठ्यक्रमों में 50 सीटें हैं और हालांकि ये स्व-वित्त योजना के तहत हैं, फिर भी इन पाठ्यक्रमों में फीस में ज्यादा अंतर नहीं है और विद्यार्थी 17 जुलाई से पोर्टल पर नए पाठ्यक्रमों में अपना पंजीकरण करवा सकेंगे। साथ ही कॉलेज कुछ विषयों में ऑनर्स पाठ्यक्रम शुरू करने की मंजूरी का बेसब्री से इंतजार कर रहा है ताकि विद्यार्थी अपनी शोध डिग्री के लिए खुद को अच्छी तरह से तैयार कर सकें। इसके अलावा, स्नातकोत्तर कार्यक्रमों में पंजीकरण प्रक्रिया वर्तमान में पोर्टल पर चल रही है और छात्र अब एमए हिंदी, एमए राजनीति विज्ञान, एमए अंग्रेजी, एमए अर्थशास्त्र, एमएससी गणित, पीजीडीसीए और योग में पीजी डिप्लोमा के लिए पंजीकरण कर सकते हैं।
आरकेएसडी कॉलेज में हुए दाखिले
आरकेएसडी कॉलेज में बीए एडेड में 350, बीए सायंकालीन में 100, बीए सेल्फ फाइनेंस में 30, बीकॉम एडिड में 125, बीकॉम सेल्फ फाइनेंस सांयकालीन में 40, बीकॉम ऑनर्स सांयकालीन में 35, बीसीए सेल्फ फाइनेंस में 40, लाइस साइंस में 45, फिजिकल साइंस में 98 सीटों पर दाखिले हो चुके हैं।