फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दिवाली पर प्रशासन अलर्ट : 85 अग्निशमन कर्मी, 135 बसें और 48 बिजली टीमें रहेंगी तैनात

विज्ञापन
कैथल बस अड्डा की फोटो। संवाद
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

कैथल। दिवाली पर रोशनी और उत्सव के बीच किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। आगजनी की घटनाओं पर तुरंत काबू पाने से लेकर निर्बाध बिजली आपूर्ति, यात्रियों की सुविधा और पटाखों से झुलसने वाले लोगों के उपचार तक, सभी प्रमुख सेवाओं को अलर्ट मोड पर रखा गया है।
जिले के छह अग्निशमन केंद्रों पर 23 गाड़ियां और 85 कर्मचारी तैनात रहेंगे, जबकि बिजली संबंधी शिकायतों के समाधान के लिए 12 सब डिवीजनों में 48 टीमें बनाई गई हैं। रोडवेज दिल्ली और जींद रूट पर अतिरिक्त बसें चलाएगा। वहीं, सिविल अस्पताल में झुलसे मरीजों के उपचार के लिए अलग वार्ड और 10 विशेषज्ञ डॉक्टरों की व्यवस्था की गई है। त्योहार के दौरान 1200 से अधिक रोडवेज अधिकारी व कर्मचारी ड्यूटी पर रहेंगे।
विज्ञापन

दिवाली पर आगजनी की घटनाओं को रोकने और उनसे निपटने के लिए अग्निशमन विभाग ने विशेष इंतजाम किए हैं। अग्निशमन अधिकारी सुमित कुमार ने बताया कि विभाग के 85 कर्मचारियों और 23 गाड़ियों को तैयार रखा गया है। त्योहार के दौरान कर्मचारियों को तीन के बजाय दो शिफ्टों में तैनात किया जाएगा। सभी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं।
कैथल के अलावा कलायत, गुहला-चीका, पूंडरी, सीवन और राजौंद के अग्निशमन केंद्रों पर भी कर्मचारी और गाड़ियां तैनात रहेंगी। आग लगने की सूचना मिलने पर नजदीकी केंद्र से टीम मौके पर पहुंचेगी। किसी भी आपात स्थिति में 112 नंबर पर सूचना दी जा सकती है।

-
दिल्ली और जींद रूट पर बढ़ाई बसों की संख्या
रोडवेज जीएम कमलजीत सिंह चहल ने बताया कि त्योहार पर यात्रियों की आवाजाही बढ़ने के मद्देनजर रोडवेज ने दिल्ली और जींद रूट पर बसों की संख्या बढ़ाई है। जिले में कुल 135 बसें रूटों पर चलेंगी। बस अड्डे पर अतिरिक्त कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। चालकों और परिचालकों के लिए ड्यूटी का समय भी निर्धारित किया गया है, ताकि बसों का संचालन प्रभावित न हो। वर्कशॉप में सभी बसों की जांच करवाकर उन्हें दुरुस्त कराया गया है। परिवहन व्यवस्था संभालने के लिए चालक, परिचालक, सब इंस्पेक्टर और इंस्पेक्टर सहित 1200 से अधिक अधिकारी व कर्मचारी ड्यूटी पर रहेंगे।
-
12 सब डिवीजनों में 48 टीमें करेंगी शिकायतों का समाधान
बिजली निगम ने त्योहार के दौरान आपूर्ति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रत्येक सब डिवीजन में चार-चार टीमें गठित की हैं। जिले के 12 सब डिवीजनों में कुल 48 टीमें बिजली संबंधी शिकायतों का समाधान करेंगी। किसी क्षेत्र में फॉल्ट आने पर संबंधित टीम मौके पर पहुंचकर उसे ठीक करेगी। जिले में तीन लाख से अधिक बिजली उपभोक्ता हैं। बिजली आपूर्ति के लिए 108 पावर स्टेशन हैं और निगम में 1519 अधिकारी व कर्मचारी कार्यरत हैं। इसके अलावा जिले में 14 एसडीओ तैनात रहेंगे। उपभोक्ता बिजली संबंधी शिकायत के लिए 1912 नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।

अलग वार्ड में होगा झुलसे मरीजों का उपचार
पीएमओ डॉ. मीनाक्षी गोयल ने बताया कि पटाखों से होने वाली दुर्घटनाओं को देखते हुए सिविल अस्पताल में झुलसे हुए मरीजों के उपचार के लिए अलग वार्ड बनाया गया है। अस्पताल में 10 विशेषज्ञ डॉक्टर उपलब्ध रहेंगे। इनमें हड्डी रोग विशेषज्ञ, नेत्र रोग विशेषज्ञ, सर्जन, फिजिशियन और त्वचा रोग विशेषज्ञ शामिल हैं। पटाखों से शरीर के किसी हिस्से में चोट लगने या आंखों में चिंगारी जाने की स्थिति में मरीजों को विशेषज्ञों की सेवाएं मिल सकेंगी।
विज्ञापन

वर्जन-
दिवाली को देखते हुए अस्पताल में उपचार संबंधी व्यवस्थाएं की गई हैं। झुलसने वाले मरीजों के लिए अलग वार्ड बनाया गया है और विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है, ताकि आपात स्थिति में मरीजों को समय पर उपचार मिल सके। - डॉ. मीनाक्षी गोयल, पीएमओ।

कैथल बस अड्डा की फोटो। संवाद

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें