कैथल। मानस गांव स्थित प्रसिद्ध मानसरोवर तीर्थ स्थल पर नव निर्मित शेड का उद्घाटन विधायक आदित्य सुरजेवाला ने वीरवार को किया। यह शेड ग्रामवासियों, माताओं और बहनों की लंबे समय से चली आ रही मांग पर बनाया गया है। भजन-कीर्तन और धार्मिक आयोजनों के दौरान छाया व अन्य सुविधाओं की कमी से ग्रामीण परेशान थे।
उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे और उन्होंने विधायक के इस कदम की सराहना की। विधायक सुरजेवाला ने कहा कि ग्रामवासियों की सेवा ही हमारा धर्म है। गांव के विकास के लिए जो भी मांग उठेगी, उसे पूरा करने के लिए वे प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि यह शेड भजन-कीर्तन जैसी धार्मिक गतिविधियों को और सुगम बनाएगा तथा भविष्य में भी ऐसी सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।
कार्यक्रम में विधायक ने हरिद्वार तक गंगा स्नान के लिए निःशुल्क बस सेवा शुरू करने की घोषणा की। यह सेवा विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए होगी, ताकि वे आसानी से पवित्र गंगा स्नान कर सकें। संवाद