संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। लघु सचिवालय स्थित सभागार में वीरवार को आयोजित समाधान शिविर में एडीसी सी जया श्रद्धा ने नागरिकों की समस्याएं सुनी। शिविर में गांव सेगा से आई सावित्री देवी ने बताया कि वह वर्ष 2017 से विधवा पेंशन ले रही थी, लेकिन पिछले पांच महीने से उसकी पेंशन रुकी हुई है। वहीं गांव तारांवाली निवासी रणजीत सिंह अपनी मां की बुढ़ापा पेंशन नहीं लगने संबंधित शिकायत लेकर आया। दोनों शिकायतों की सुनवाई करते हुए एडीसी सी जया श्रद्धा ने समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
शिविर के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित 22 शिकायतें दर्ज हुई, इनमें से 10 शिकायतों का मौके पर ही निपटान किया गया। अन्य के लिए संबंधित अधिकारियों को जल्द समाधान करने के निर्देश दिए। इस मौके पर एडीसी ने कहा कि प्रदेश व केंद्र सरकार की ओर से जरूरतमंद लोगों के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं क्रियान्वित की जा रही हैं। पात्र लोगों को इन योजनाओं का लाभ मिलना चाहिए। जो पात्र व्यक्ति परिवार पहचान पत्र में त्रुटि होने की वजह से सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित रह गए थे, समाधान शिविर के माध्यम से उनकी त्रुटियों को कर उन्हें सरकारी योजनाओं को लाभ पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। शिविर के दौरान पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतें एसपी उपासना ने सुनी और फरियादियों को जल्द समाधान का आश्वासन दिया। कहा कि सभी अधिकारी लोगों की शिकायतों को गंभीरता से सुने और जल्द समाधान करें।