संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) टीम ने पूंडरी राजस्व संपदा क्षेत्र में पनप रही अवैध कॉलोनी पर बड़ी कार्रवाई की। जेसीबी मशीन की मदद से यहां बनाई गई सड़क, दीवार और सीवरेज नेटवर्क को शुरुआती चरण में ध्वस्त कर दिया गया। साथ ही पुलिस को संबंधित भू-मालिकों और डीलरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के लिए शिकायत भी दी गई।
जिला नगर योजनाकार प्रवीण कुमार ने आमजन से अपील की कि वह किसी भी कॉलोनी में प्लॉट खरीदने से पहले उसकी वैधता अवश्य जांच लें। उन्होंने कहा कि शहर में अवैध निर्माण और कॉलोनियों को किसी भी सूरत में पनपने नहीं दिया जाएगा। अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि कार्यालय ने जिला प्रशासन के सहयोग से एचडीआर एक्ट 1975 के प्रावधानों के तहत यह कार्रवाई की है।
इस कार्रवाई के दौरान हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड के एसडीओ अभिषेक कुमार ड्यूटी मजिस्ट्रेट के तौर पर मौके पर मौजूद रहे। जिला नगर योजनाकार ने बताया कि पूंडरी राजस्व संपदा में तहसील कार्यालय के नजदीक करीब तीन एकड़ क्षेत्र में अवैध कॉलोनी विकसित की जा रही थी। भूस्वामियों को पहले ही नोटिस जारी कर अवैध निर्माण रोकने के आदेश दिए गए थे। बावजूद इसके भू-स्वामियों ने न निर्माण बंद किया और न ही विभाग से अनुमति के लिए आवेदन किया। इसके बाद डीटीपी अमला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचा और तोड़फोड़ की कार्रवाई को अंजाम दिया।