कैथल। पुलिस टीम से धक्का मुक्की करके पुलिस हिरासत से फरार होने के मामले में थाना शहर पुलिस ने पंजाब से एक आरोपी काबू किया है। इस मामले में थाना शहर की पुलिस टीम एएसआई प्रवीन कुमार व एचसी संदीप सिंह की टीम ने पातड़ा पंजाब निवासी आरोपी विक्रम को पंजाब के काकूवाला से गिरफ्तार किया है। आरोपी विक्रम, राजकुमार व कर्ण को ट्रांसफार्मर का सामान चोरी करने में काबू किया गया था। 22 सितंबर को थाना गुहला पुलिस ने तीनों को प्रोडेक्शन वारंट पर लिया। गुहला पुलिस टीम गाड़ी से तीनों आरोपियों को जेल छोड़ने के लिए ले जा रही थी। आंबेडकर चौक कैथल पर जाम होने से गाड़ी धीमी हुई तो तीनों ने धक्का मुक्की कर खिड़की खोलकर भागने का प्रयास किया। आरोपी राजकुमार व कर्ण को पुलिस टीम ने मौके पर ही पकड़ लिया, परंतु आरोपी विक्रम भीड़ व जाम का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। इस बारे थाना शहर में केस दर्ज किया गया। आरोपी विक्रम को वीरवार को न्यायालय के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। संवाद