कैथल। आर्थिक अपराध शाखा की टीम ने इंग्लैंड भेजने के नाम पर नौ लाख रुपये ठगने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस मामले में आर्थिक अपराध शाखा के एएसआई रामपाल की टीम ने जांच के बाद करनाल के गांव सांभली में रहने वाले आरोपी नीरज को काबू कर लिया गया।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि गांव बदसूई निवासी राजिंद्र सिंह की शिकायत दी थी कि उसका लड़का हितेश विदेश जाने का इच्छुक था। उसकी मुलाकात कुरुक्षेत्र के मिर्जापुर निवासी अजय से हुई। अजय के दोस्तों नीरज और रवि ने कुरुक्षेत्र में अपना ऑफिस बनाया हुआ था, जो बच्चों को विदेश भेजने का काम करते थे। अजय ने उन्हें नीरज, सुरेंद्र और रवि से मिलवाया। उन्होंने उसे बताया कि वे उसके लड़के को इंग्लैंड भेज देंगे और वहां पर उसे काम दिलवा देंगे। उसने आरोपियों की बातों पर विश्वास करके अपने लड़के के सभी संबंधित दस्तावेज उन्हें दे दिए और पांच नवंबर 2020 को नौ लाख रुपये नीरज के खाते में डलवा दिए। लड़के को विदेश भेजने का सौदा 11 लाख रुपये में तय हुआ था। रुपये लेने के बाद आरोपी वीजा देने के नाम पर आनाकानी करते रहे। जब काफी इंतजार के बाद उन्होंने लडक़े को विदेश भेजने या फिर रुपये वापस देने के लिए कहा तो आरोपी उससे नौ लाख रुपये और मांगने लगे। आरोपियों ने कहा कि उन लोगों ने पहले जो नौ लाख रुपये लिए हैं, वे पैसे हितेश को विदेश भेजने के बाद वापस कर देंगे। उसने पैसे देने से मना किया तो आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। थाना चीका ने शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है।