कैथल। पुलिस ने बीमा के नाम पर लाखों रुपये ठगने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी काे न्यायालय में पेश कर उसका दो दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। आरोपी की पहचान राजस्थान के जिला अजमेर के वैशाली नगर निवासी शशिकांत यादव के रूप में हुई है। आरोपी को जांच के बाद थाना साइबर क्राइम के एएसआई विनोद कुमार की टीम ने फरीदाबाद से गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि कैथल की शुगर मिल कॉलोनी निवासी एक युवक की शिकायत दी थी कि आठ सितंबर 2023 को उसके मोबाइल पर एक व्हाट्सएप मैसेज आया। मैसेज में लिखा था कि हमारे कुछ ग्राहक हैं, जिनको ऑनलाइन रेटिंग देनी है। एक रेटिंग के 50 रुपये मिलेंगे। इसके बाद उसे टेलीग्राम के एक ग्रुप में जोड़ दिया। रेटिंग देने के बाद उसे ग्रुप में स्क्रीन शॉट भेजने थे। उसने छह चैनलों की रेटिंग दी तो उसके खाते में 300 रुपये जमा हो गए। आरोपियों ने उसे बताया कि दो हजार रुपये लगाने पर नौ हजार रुपये मिलेंगे। पांच हजार रुपये लगाने पर 30 हजार रुपये मिलेंगे। उसने कंपनी में पांच हजार रुपये लगा दिए। इसके बाद आरोपियों ने झांसा दिया कि उनके पास एक और योजन है। जिसमें रुपये लगाने पर 35 हजार रुपये मिलेंगे। आरोपियों ने उसके पास यूपीआई खाता भेजा। उसने क्लिक किया तो यूपीआई का पिन मांगने लगा। उसने पिन भरा तो खाता से 35 हजार रुपये कट गए।