कैथल। गांव बड़सीकरी कलां में चोरी के मामले में पुलिस ने आरोपी विक्रम उर्फ धोला को गिरफ्तार किया है। आरोपी गांव बड़सीकरी खुर्द का निवासी बताया गया है। पुलिस प्रवक्ता प्रवीण श्योकंद के अनुसार सरपंच अमृतलाल ने शिकायत दी थी। इसमें बताया गया कि गांव के सैंसी श्मशान के समर्सिबल नलके से कोई व्यक्ति मोटर, पंखा और करीब 30 फीट केबल तार चुरा ले गया। थाना कलायत में प्राथमिकी दर्ज की गई। जांच के दौरान आरोपी की पहचान कर उसे काबू किया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरीशुदा मोटर पंखा बरामद किया। पूछताछ में अन्य मामलों की भी जांच की जा रही है। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। संवाद
वाहन चोरी करने में दूसरा आरोपी पकड़ा
कैथल। गाड़ियों के शीशे तोड़कर चोरी करने के मामले में पुलिस ने दूसरे आरोपी शिव कालोनी निवासी कृष्ण को गिरफ्तार किया है। पटेल नगर निवासी सतीश कुमार ने मामले की शिकायत दर्ज कराई थी। इसके अनुसार 7 जनवरी की सुबह गली में खड़ी गाड़ियों के शीशे तोड़े गए। एक गाड़ी से बैटरी व नकदी चोरी कर ली गई थी। मामले में पहले ही आरोपी रोहित उर्फ पोपल को गिरफ्तार किया जा चुका है। जांच में सामने आया कि कृष्ण भी वारदात में शामिल था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरीशुदा टायर बरामद किया है। दोनों आरोपियों से पूछताछ में अन्य वारदातों की जांच जारी है। आरोपी कृष्ण को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया। संवाद
जेब काटने के मामले में आरोपी गिरफ्तार
कैथल। बस अड्डा पर जेब काटने के मामले में पुलिस ने गांव खेड़ी गुलाम अली निवासी अमरजीत को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता प्रवीण श्योकंद के अनुसार सेक्टर-19 पार्ट-2 निवासी गोपाल दास ने शिकायत दी थी। शिकायत में बताया गया कि 14 फरवरी को दोपहर करीब 2:30 बजे वह बस में चढ़ रहे थे। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने उनकी जेब से 15-16 हजार रुपये चोरी कर लिए। मामले में थाना सिविल लाइन में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान आरोपी की पहचान कर उसे काबू किया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 6200 रुपये बरामद किए हैं। पूछताछ में अन्य वारदातों की भी जांच की जा रही है। आरोपी को अदालत में पेश किया गया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। संवाद