संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। कॉलेज में हुए लड़ाई झगड़े में कातिलाना हमला करने के आरोपी को शहर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इस मामले में थाना शहर पुलिस के एएसआई सुरेंद्र कुमार ने जांच करते हुए सीवन निवासी आरोपी अतुल को गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि गांव प्यौदा निवासी संजू की शिकायत के अनुसार वह आरकेएसडी कॉलेज में बीए प्रथम का छात्र है। 28 अप्रैल को दोपहर के समय वह कॉलेज की कैंटीन में मौजूद था। उसके साथ रजत भी था। वहां रजत की टक्कर एक युवक से हो गई थी, जिसके कारण उनकी कहासुनी हो गई थी। आरोपी अपने दोस्तों के साथ कॉलेज से बाहर गया था। सड़क पर आते ही आरोपी संदीप ने अपने दोस्त अजय, जुंडी, जम्मी और अमन के साथ मिलकर उस पर तथा उसके दोस्त अरुण, प्रिंस, सुबम तथा युवराज पर हमला कर दिया।
आरोपियों ने चाकू और डंडे से मारपीट कर उनको घायल कर दिया। उसके दोस्त युवराज को ज्यादा चोट लगने कारण उसे नागरिक अस्पताल कैथल से कल्पना चावला करनाल रेफर कर दिया गया था। डाक्टर ने युवराज को लगी चोट को प्राणघातक बताया गया था। थाना शहर में यह मामला दर्ज कराया गया था। आरोपी के कब्जे से चाकू बरामद किया है। मामले में पहले ही चार आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके है। आरोपी को बुधवार को न्यायालय में पेश किया, जिसको न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।