संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। पाडला गांव में 28 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के मायके पक्ष के लोगों ने उसके पति, सास व ससुर पर हत्या कर शव को खूंटी पर लटकाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
गौरतलब है कि जिले में दो दिन में दो विवाहिताओं के आत्महत्या करने का मामले सामने आ चुके हैं। इससे पहले मानस गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध हालात में आत्महत्या की बात कही गई थी। इस मामले में भी मायका पक्ष के लोगों ने ससुराल पक्ष के लोगों पर आरोप लगाया था, लेकिन पुलिस में शिकायत जाने के बाद ही समझौता हो गया था।
मृतका के पिता गांव गुलाडी पंजाब निवासी राजेश ने सदर थाना में शिकायत दी कि उसकी बेटी रितू की शादी वर्ष 2017 में गांव पाडला निवासी गुरध्यान के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष वाले उसे दहेज की मांग को लेकर प्रताडि़त करते थे। पहले भी आरोपियों ने कई बार उसकी बेटी से मारपीट कर दहेज की मांग की थी, लेकिन उस समय पंचायत स्तर पर समझौते हो गए थे।
वीरवार को रात करीब साढ़े आठ-नौ बजे उनके पास सूचना आई कि उसकी बेटी फंदा लगाने के कारण की मौत हो गई। वे मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दे शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल ले गए। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि उसकी बेटी की गला दबाकर हत्या करने के बाद आरोपियों ने शव को खूंटी पर लटकाया है। आरोपियों ने हत्या को आत्महत्या दिखाने के लिए ऐसा किया। अस्पताल पहुंचे परिजनों ने बताया कि मृतका के दो बेटे हैं। एक की उम्र करीब छह वर्ष है। दूसरे की उम्र चार साल के करीब है।
सदर थाना प्रभारी ओमप्रकाश ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। मृतका के शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने मृतका के पति, सास व ससुर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।