कैथल। दहेज में पांच लाख रुपये की नकदी की मांग करते हुए पत्नी पर मिट्टी का तेल छिड़कर आग लगाते हुए कातिलाना हमला करने के मामले में वांछित आरोपी पति को चीका पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
वारदात में लिप्त अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। आरोपी पति को 14 दिन के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। महिला अभी पीजीआई चंडीगढ़ में भरती है। विवाहिता ने पानी में छलांग लगाकर आग से अपना बचाव किया था। विवाहिता की ढेड़ वर्षीय बेटी बताई गई है।
पुलिस प्रवक्ता रोशन लाल ने बताया 4 मई को सीएचसी गुहला में उपचार के लिए दाखिल अमनदीप कौर पत्नी सुखविंद्र सिंह ने जेएमआईसी गुहला हरलीन पाल सिंह के समक्ष ब्यान कलमबद्ध करवाए कि पिछले कई दिन से उसे ननदे, ननदोई, पति व ससुराल जन तंग करते हुए मारपीट कर रहे थे।
4 मई को जब वह पशुओं को चारा डालने गई तो ननदों व पति ने जबरन पकड़ते हुए उस पर तेल छिड़क कर आग लगा दी और फरार हो गए। इस पर विवाहिता ने आग से बचने के लिए पानी के टैंक में छलांग लगा दी। बाद में परिजनों ने उसे अस्पताल में दाखिल करवाया गया। चीका थाने के एएसआई महेंद्र सिंह ने मामले की जांच के बाद आरोपी पति सुखविंद्र को गिरफ्तार कर लिया है।