कैथल। गांव पाई निवासी सुनील को तीन लाख रुपये के चेक बाउंस मामले में राहत मिली है। उसे इस मामले में छह महीने की सजा सुनाई गई थी, जिसे अब रद्द कर दिया गया है। यह राहत एक समझौते के बाद मिली है। विशेष लोक अदालत की पीठासीन अधिकारी डॉ. नंदिता कौशिक ने सुनील की अपील स्वीकार की। वे अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश भी हैं। उन्होंने सुनील की दोषसिद्धि और सजा के आदेश को रद करने का फैसला किया।
अदालत ने उसे बरी कर दिया और कंपाउंडिंग फीस भी माफ कर दी। मामले के अनुसार सुनील ने 9 मई 2022 को महावीर प्रसाद से छह महीने के लिए तीन लाख रुपये उधार लिए थे। इसके बदले 19 जनवरी 2023 को तीन लाख रुपये का चेक दिया, जो खाते के बंद या निष्क्रिय होने के कारण बाउंस हो गया। कानूनी नोटिस के बाद भी भुगतान नहीं करने पर शिकायतकर्ता ने अदालत में मामला दायर किया। न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी की अदालत ने 28 जुलाई 2026 को सुनील को दोषी करार दिया था।
30 जुलाई को उसे छह महीने के कठोर कारावास और 4.50 लाख रुपये मुआवजे की सजा सुनाई गई थी। विशेष लोक अदालत में सुनील ने बताया कि उसने रिश्तेदारों से उधार लेकर समझौते के तहत पूरी रकम चुका दी है। शिकायतकर्ता ने भी पूरी राशि मिलने की पुष्टि करते हुए कार्रवाई समाप्त करने पर सहमति जताई। अदालत ने समझौते को मंजूरी देते हुए फीस माफ कर दी और सुनील को बरी कर दिया।