कलायत। छेड़छाड़ के आरोप में दर्ज केस को खारिज करने की मांग पर रविवार से आमरण अनशन पर बैठे आरटीआई व मानवाधिकार कार्यकर्ता बलजीत सिंह नायक ने मंगलवार को धरना दिया।
उन्होंने इस मामले में राष्ट्रीय चुनाव आयोग को पत्र लिखकर जिला पुलिस अधीक्षक, दो उपपुलिस अधीक्षकों सहित कुछ अन्य पुलिस अधिकारियों का तबादला करने की मांग की।
नायक ने बताया कि उन्होंने राष्ट्रीय निर्वाचन आयोग से आग्रह किया है कि नेताओं व बड़े लोगों के साथ सांठगांठ करने वाले उक्त पुलिस अधिकारियों का न केवल तबादला किया जाए, बल्कि सारे मामले की जांच भी की जाए।
उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग को लिखे पत्र में उन्होंने सारी बातों का ब्योरा दिया है कि किस प्रकार उन्हें सोची समझी चाल के तहत प्रताड़ित किया जा रहा है। नायक ने कहा कि उसके खिलाफ दुर्भावना से छेड़छाड़ के आरोप में केस दर्ज किया गया है।
इस संबंध में मानव अधिकार आयोग की ओर से जिला प्रशासन द्वारा जवाब भी मांगा गया है। जिस कारण एसपी ने मामले में जांच पूरी होने तक चालान पेश न करने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद कलायत थाना अधिकारियों ने न्यायालय में चालान पेश कर दिया। जब तक उसकी मांग पूरी नहीं हो जाती, तब तक अनशन जारी रहेगा।