कैथल। थाना सीवन पुलिस की ओर से 6.50 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) और पांच बोतल हथकड़ी शराब सहित एक आरोपी काबू कर लिया गया। पुलिस प्रवक्ता प्रवीन ने बताया कि टीम सायंकालीन गश्त के दौरान गांव कक्योर माजरा से पापसर मोड़ पर मौजूद थी। पुलिस टीम को एक गुप्त सूचना मिली कि गांव कक्योर माजरा मोड़ पर एक नौजवान लड़का प्लास्टिक केनी में अवैध शराब लिए किसी के इंतजार में खड़ा है। टीम ने वहां दबिश दी, पुलिस टीम को देखकर लड़का मौके से भागने लगा। उसको काबू कर लिया गया। उसकी पहचान गांव मटौर निवासी सुखविंद्र के रूप में हुई। जांच के दौरान आरोपी के कब्जे से प्लास्टिक कैनी से पांच बोतल हथकड़ी शराब व जेब में प्लास्टिक पॉलिथीन से 6.50 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुआ। इस बारे में थाना सीवन में प्राथमिकी दर्ज की गई । आरोपी अदालत के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।