कैथल। घर से लैपटॉप, गहने और नकदी चोरी के मामले में पुलिस ने आरोपी सिरटा रोड कैथल निवासी अमित कुमार को काबू कर लिया। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सिरटा रोड निवासी राजेश कुमार की शिकायत के अनुसार 30 सितंबर की रात को वह अपने परिवार सहित अपने मकान में बने एक कमरे में सो रहा था। करीब एक बजे मकान की छत से दो चोर उनके मकान में घुस गए और एक लैपटॉप, सोना-चांदी के गहने व 56 हजार रुपये चोरी कर ले गए। उक्त मामले में पहले ही एक आरोपी सिरटा रोड कैथल निवासी सचिन को गिरफ्तार करके पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी अमित से पूछताछ के लिए उसे भी दो दिन क रिमांड पर लिया है। संवाद
मंदिर से 90 हजार रुपये चोरी
कैथल। गांव फतेहपुर में चोर एक मंदिर से 90 हजार रुपये चोरी कर ले गए। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। गांव निवासी सुरेंद्र सिंह ने पूंडरी थाना में शिकायत दी कि 14 नवंबर को अज्ञात आरोपी गांव में बने माता मनसा देवी मंदिर से करीब 90 हजार रुपये चोरी कर ले गए। थाना प्रभारी बलबीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद
गाड़ियों के पार्ट चुरा ले गए चोर
कैथल। गांव हरिगढ़ कींगण में चोर एक गैराज से गाड़ियों के पार्ट चोरी कर ले गए। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। गांव निवासी जयभगवान ने चीका थाना में शिकायत दी कि उसकी गांव में ही पिहोवा रोड पर गाडिय़ों की गैराज है। 11 नवंबर को अज्ञात आरोपी वहां से गाडिय़ों के इंजिन, गेयर बॉक्स, टायर, शॉकर, कंडेसर व अन्य सामान चोरी कर ले गए। उसे 70 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। थाना प्रभारी सुरेश ने बताया कि पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद