कैथल। पार्टी के बहाने बुलाकर महिला को कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म करने के मामले में पुलिस ने आरोपी जिला सोनीपत के गांव फाजिलपुर निवासी लोकेश अत्री को गिरफ्तार कर लिया। कैथल की एक कॉलोनी निवासी महिला की शिकायत के अनुसार वह दक्षिण हरियाणा बिजली निगम गुरुग्राम में कार्यरत थी। आरोपी लोकेश भी वहीं कार्यरत था। महिला दक्षिण हरियाणा बिजली निगम से उतरी हरियाणा बिजली निगम में तबादला करवाना चाहती थी। लोकेश ने कहा कि उसकी हेड ऑफिस में काफी जान पहचान है, वह उसका ट्रांसफर करवा देगा। शिकायकर्ता का तबादला उतरी हरियाणा बिजली निगम कैथल में हो गया। नौ अप्रैल को आरोपी लोकेश ने उसको पार्टी देने के बहाने कैथल के एक होटल में बुलाया व वहां पर कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर जबरदस्ती उसके साथ दुष्कर्म किया। किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। इस बारे में थाना सिविल लाइन में मामला दर्ज किया गया था। आरोपी न्यायालय के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।