संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। चीका थाना क्षेत्र में हुई कातिलाना हमले की वारदात में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जमीन विवाद से उपजे इस हमले में पीड़ित को सड़क पर रोककर गंडासियों से बुरी तरह घायल किया गया था।
स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट प्रभारी एसआई रमेश चंद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जिला कुरुक्षेत्र के सयोंसर निवासी अजय कुमार उर्फ बादल को दबोचा। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, डंडौता निवासी संजय ने शिकायत में बताया था कि करीब डेढ़ साल पहले उसने गांव के ही रामदिया से 7.5 एकड़ और बीरबल से एक एकड़ जमीन खरीदी थी।
कब्जा और बिजली कनेक्शन को लेकर रामदिया, उसका बेटा रिंकू, बीरबल, जसबीर पुत्र रुलदु और रुलदु पुत्र रामस्वरूप के साथ रंजिश चल रही थी। इस दौरान कई बार उसे जान से मारने की धमकियां भी दी गईं।
शिकायत के मुताबिक, 22 जुलाई 2024 को सुबह करीब साढ़े 10 बजे संजय अपने साथी जितेंद्र के साथ मोटरसाइकिल पर चीका जा रहा था। कल्लर माजरा गोदामों के पास एक सफेद स्विफ्ट कार ने उन्हें टक्कर मारकर गिरा दिया। कार से जसबीर और अन्य चार युवक गंडासियों के साथ उतरे और संजय के सिर, हाथ और पैरों पर वार कर गंभीर चोटें पहुंचाईं।
जितेंद्र के शोर मचाने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। घायल संजय को परिजन पार्क हॉस्पिटल, पटियाला ले गए, जहां वह उपचाराधीन रहा। इस मामले में थाना चीका में मुकदमा दर्ज किया गया था। वारदात में शामिल पांच आरोपी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं, जबकि अजय भी इस हमले में शामिल पाया गया।