कैथल। सीवन थाना की पुलिस ने महिला के कानों की बालियां छीनने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि इस मामले में सीवन थाना प्रभारी एसआई कुलदीप सिंह की टीम ने खरकां निवासी हरविंदर सिंह को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि गोघ निवासी सीता ने शिकायत दी थी कि 13 मार्च की शाम करीब छह बजे खेत से रेहड़ी लेकर वह घर जा रही थी। इस बीच थेह खरंका रोड़ की तरफ से एक स्कूटी वाले ने आकर रेहड़ी रुकवाई और उसके कानों से सोने की बालियां झपट कर वह ले भागा। सीवन थाने में यह मामला दर्ज कराया गया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से छीनी गई कानों की बालियां व वारदात में प्रयुक्त स्कूटी बरामद कर ली है। आरोपी को शनिवार को न्यायालय के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। संवाद