संवाद न्यूज एजेंसी
राजौंद/कैथल। झगड़े के बाद आपसी सुलह करवाने गए व्यक्ति पर गोली चलाकर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने आरोपी गांव मंडवाल निवासी भूपेंद्र उर्फ सोनू उर्फ चौनी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश कर पूछताछ के लिए दो दिन के रिमांड पर लिया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि मंडवाल निवासी भूपेंद्र सिंह की शिकायत अनुसार तीन सितंबर को उसके गांव के जसन व गोगा का आपस में झगड़ा हो गया था। इस मामले को लेकर गांव में पंचायत बुलाई गई थी। उसका बड़ा भाई गांव का मौजूदा सरपंच तरसेम किसी काम से बाहर गया हुआ था। इस कारण वह और उसका भाई जरनैल पंचायत में गए थे।
इस बीच वहां वह युवकों को समझा रहा था तो इस दौरान उनके गांव के ही भूपेंद्र उर्फ चौनी ने कहा कि हम किसी प्रकार की सुलह नहीं करते व उसने अपने हाथ में लिए कट्टे से जरनैल पर फायर किए। एक गोली जरनैल की दायीं जांघ में लगी। इसी दौरान अन्य आरोपी भी लाठी व गंडासी
लिए आए और वहां बैठे व्यक्तियों पर हमला कर दिया।
झगड़ा देखकर गांव के लोग इकट्ठा होने लगे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। इस बारे में थाना राजौंद में मामला दर्ज था। आरोपी से व्यापक पूछताछ के लिए पुलिस ने उसे दो दिन के रिमांड पर लिया है।