कैथल। चीका की मिया बस्ती निवासी सौरभ को एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ ने नकदी और मोबाइल छीनने के मामले में गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 1100 रुपये और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद की गई है। न्यायालय के आदेश पर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस प्रवक्ता प्रवीण श्योकंद ने बताया कि सीवन गेट निवासी धनेश ने शिकायत दी थी कि 10 अगस्त को वह 20 हजार रुपये लेकर अपने चाचा की दुकान पर जा रहा था। शाम करीब 4:40 बजे सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के पास बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर बाइक पर आए युवक ने उसका रास्ता रोक लिया। आरोपी उसकी जेब से 20 हजार रुपये और हाथ से सैमसंग मोबाइल छीनकर भाग गया था। इस संबंध में थाना शहर में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।