कैथल। न्यूड वीडियो कॉल के जरिये ब्लैकमेल कर एक व्यक्ति से 1.26 लाख रुपये ठगने के मामले में साइबर क्राइम थाना पुलिस ने राजस्थान के भरतपुर जिले के गांव सियू निवासी साहिल को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने साइबर ठगों को सिम कार्ड उपलब्ध करवाया था। इसी सिम का इस्तेमाल कर फर्जी फेसबुक आईडी बनाई गई और व्यक्ति को न्यूड वीडियो कॉल के जरिये ब्लैकमेल किया गया।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर पूछताछ के लिए दो दिन का रिमांड हासिल किया है। सेक्टर-18 निवासी व्यक्ति की शिकायत के अनुसार 6 जुलाई की रात उसके फेसबुक अकाउंट पर पिंकी शर्मा नाम की लड़की की फ्रेंड रिक्वेस्ट आई। जानकार समझकर उसने रिक्वेस्ट स्वीकार कर ली। इसके बाद लड़की ने मैसेंजर पर चैट की और उसका व्हाट्सएप नंबर मांग लिया। नंबर देने के कुछ समय बाद उसके पास वीडियो कॉल आई। कॉल उठाते ही स्क्रीन पर न्यूड लड़की दिखाई दी, जो उस पर भी कपड़े उतारने का दबाव बनाने लगी। उसने तुरंत कॉल काट दी और डर के कारण चैट व नंबर डिलीट कर दिया।
यूट्यूब पर वीडियो अपलोड होने का डर दिखाया
अगले दिन पीड़ित के मोबाइल पर अलग-अलग नंबरों से धमकी भरे मैसेज आने लगे। ठगों ने उसे बताया कि उसकी अश्लील वीडियो वायरल होने वाली है। सबसे पहले संजय सिंह नाम के व्यक्ति ने खुद को यूट्यूब अधिकारी बताते हुए दावा किया कि वीडियो यूट्यूब पर अपलोड हो चुकी है। वीडियो को वायरल होने से रोकने के लिए उसने रुपये मांगे।
-
सीबीआई अधिकारी बनकर मांगे 51 हजार रुपये
इसके बाद एक अन्य व्यक्ति ने फोन कर खुद को सीबीआई अधिकारी बताया। उसने कहा कि वीडियो वायरल होने से रोकने के लिए फाइल संभाल ली गई है लेकिन इसे क्लियर करवाने के लिए 51 हजार रुपये जमा कराने होंगे। दोनों ठग लगातार पीड़ित पर दबाव बनाते रहे। डर के कारण उसने कई बार में उनके बताए स्कैनर पर कुल 1.26 लाख रुपये भेज दिए।
एक लाख रुपये और मांगे तो हुआ ठगी का अहसास
ठगों ने जब लगातार रकम की मांग बढ़ाई और एक लाख रुपये और मांगे तो पीड़ित को साइबर ठगी का अहसास हुआ। इसके बाद मामले की शिकायत पुलिस को दी गई। पुलिस प्रवक्ता प्रवीण श्योकंद ने बताया कि शिकायत के आधार पर साइबर क्राइम थाने में प्राथमिकी दर्ज की थी। आरोपी से पूछताछ कर मामले में अन्य संलिप्त लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।