कैथल। गांव रोहेड़ा में एक युवक पर लाठी-डंडों से कातिलाना हमला करने के मामले में आरोपी गांव रोहेड़ा निवासी मंजीत को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त डंडा बरामद किया गया। पुलिस प्रवक्ता प्रवीन ने बताया कि गांव रोहेड़ा निवासी कमलेश की शिकायत अनुसार उनका बेटा सावन 24 जुलाई को घर से 500 रुपये लेकर निकला था।
शिकायतकर्ता के अनुसार शाम को जब सावन घर लौटा तो उसके मुंह और गले पर चोटें लगी हुई थीं। सावन ने बताया कि राजौंद नहर के पास गांव के मंजीत और सुनील ने उससे रुपये ले लिए थे। जब उसने अपने रुपये वापस मांगे तो दोनों ने उसके साथ मारपीट की। शिकायत के अनुसार, घटना के बारे में पता चलने पर कमलेश अपनी बेटी सुनीता के साथ मंजीत के घर शिकायत लेकर गई। आरोप है कि वहां मंजीत ने उन पर ईंट फेंकी, जो उसकी बेटी सुनीता को लगी। इस दौरान मंजीत ने मां-बेटी के साथ झगड़ा करना शुरू कर दिया। कुछ देर बाद सावन भी वहां पहुंच गया।
शिकायतकर्ता के अनुसार, उस समय घर पर सुनील, रवि और मंजीत की पत्नी राखी भी मौजूद थी। इस दौरान सुनील ने सावन के सिर पर लाठी से वार किया जिससे वह बेहोश होकर जमीन पर गिर गया। इसके बाद रवि और मंजीत ने भी सावन पर लाठी-डंडों से हमला किया। आरोप है कि बाद में सुनील और मंजीत छत पर चढ़ गए और वहां से कमलेश, सावन और उसकी बेटी सुनीता पर ईंटें फेंककर हमला किया। इस दौरान उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई। घटना के बाद कमलेश अपने भांजे शेखर की मदद से गंभीर रूप से घायल सावन को मोटरसाइकिल पर राजौंद के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंची। वहां से उसे नागरिक अस्पताल कैथल रेफर कर दिया गया।
कैथल में चिकित्सकों ने सावन का सीटी स्कैन करने के बाद उसे रोहतक रेफर कर दिया। परिजन पहले उसे पीजीआई रोहतक लेकर गए और बाद में 27 जुलाई 2026 को सोनीपत रोड स्थित मानसरोवर अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां उसका उपचार जारी रहा। इस बारे में थाना राजौंद में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।