कैथल। पुलिस ने धोखे से हासिल किए तेल को खरीदने के आरोपी को काबू किया है। पुलिस के अनुसार 16 जून की रात करीब साढे नौ बजे एक स्कार्पिओ गाड़ी में बाता पेट्रोल पंप पर तीन युवक आए। उन्होंने अपनी गाड़ी में रखी हुई छह कैनी में 322.93 लीटर डीजल तथा अपनी गाड़ी में 52.11 लीटर डीजल डलवाया। तेल की कुल कीमत 33,680 रुपये हुई थी। आरोपियों ने सेल्समैन को कहा वे पेटीएम से भुगतान करेंगे और उन्होने पेटीएम क्यूआर कोड स्कैन किया और कहा कि पेमेंट हो गई है। जब सेल्समैन ने मशीन चेक की तो पेमेंट नहीं हुई थी। इस बीच तीनों आरोपी अपनी गाड़ी सहित मौके से भाग गए थे। सीआईए-1 टीम ने इस मामले में तीन आरोपी तीनों हाट जिला जींद निवासी हरदीप, विकास व सागर को गिरफ्तार किया था। आरोपियों ने छह कैनियो में भरा डीजल बिछपड़ी जिला सोनीपत निवासी जीत सिंह को बेचना कबूल किया था। पुलिस ने अब आरोपी जीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी जीत सिंह के कब्जे से 50 लीटर डीजल बरामद किया।