तीन सड़क हादसों में एक युवक की मौत व एक महिला सहित दो गंभीर रूप से घायल हो गए। पहला सड़क हादसा जम्मू कश्मीर के युवक के साथ कवारतन गांव में हुआ। युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। जम्मू-कश्मीर के कुफवाड़ा जिला निवासी रविश अहमद ने बताया कि सर्दियों में गर्म कपड़े बेचने के लिए वह और उसका दोस्त गुलाम हुसन पंजाब में आए थे।
शनिवार को वे पंजाब से गांव डोहर आ गए। वे कपड़े लेकर सड़क पर से पैदल जा रहे थे। कवारतन गांव में पेट्रोल पंप के पास अज्ञात मोटरसाइकिल चालक ने गुलम हुसन को पीछे से टक्कर मार दी। हुसन को सिर में गहरी चोटें आईं। उसे सामान्य अस्पताल कैथल लाया गया जहां इलाज के दौरान गुलम ने दम तोड़ दिया। जांच अधिकारी एएसआई दलबीर सिंह ने बताया कि रविश अहमद की शिकायत पर अज्ञात मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
दूसरा सड़क हादसा गांव ट्योंठा के पास हुआ। पुलिस को दी शिकायत में सफीदो निवासी गंगा देवी ने बताया कि वीरवार को अज्ञात मोटरसाइकिल चालक ने उसे टक्कर मारकर घायल कर दिया। पूंडरी पुलिस ने महिला कि शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है। तीसरे सड़क हादसे में गांव फतेहपुर निवासी कृष्ण ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह फरल गांव गया हुआ था।
एक प्राइवेट बस चालक ने फरल बस स्टैंड के पास उसे टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पूंडरी थाना के एएसआई कर्मबीर ने कहा कि घायल की शिकायत पर प्राइवेट बस के अज्ञात चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।