कबूतर चौक के पास अज्ञात बाइक चालक ने एक महिला को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। मामले में पुलिस ने बाइक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। गांव धतिया लालपुर जिला मुर्शीदाबाद पश्चिम बंगाल निवासी सूरज मंडल ने सिटी थाना में दी शिकायत में बताया कि वह रेलवे स्टेशन के पास की बस्ती में रहता है और अनाज मंडी में मजदूरी करता है। 30 सितंबर को माता सीता मंडल के साथ सब्जी लेने के लिए सब्जी मंडी गया था। वहां कबूतर चौक पर एक मोटरसाइकिल चालक ने तेजगति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उसकी माता को टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। आरोपी वाहन चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। आसपास के लोगों की सहायता से वह इलाज के लिए अस्पताल में लेकर गया, जहां से डॉक्टरों ने उसे पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। शनिवार को इलाज के दौरान उसकी माता की मौत हो गई। जांच अधिकारी एचसी जसबीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने आरोपी बाइक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की आगामी जांच की जा रही है।