गांव हरसौला में खेतों से गुजरने वाली ड्रेन में करीब 45 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव गली हुई हालात में पाया गया। शव मिलने की सूचना पर भारी संख्या में ग्रामीणों और राहगीरों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। सरपंच नरेश कुमार ने तुरंत सूचना पुलिस को दी। पुलिस कर्मचारी व अधिकारी सीन ऑफ क्राइम की टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल शुरू की। मामले में पुलिस ने फिलहाल 174 के तहत कार्रवाई की है। तितरम थाना एसएचओ राजकुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। शव गला हुआ होने के कारण उसे पोस्टमार्टम के लिए रोहतक भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही आगामी कार्रवाई की जाएगी। वहां से आने के बाद उसे 72 घंटे तक शवगृह में शिनाख्त के लिए रखा जाएगा।