दो अलग-अलग सड़क हादसों में रविवार को दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों ही मामलों में केस दर्ज किया है। गांव क्योड़क के निकट हिसार-चंडीगढ़ मार्ग पर हुए हादसे में एक युवक की तो राजौंद में असंध रोड पर हादसे में यूपी के अमेठी निवासी एक मजदूर की मौत हो गई।
पुलिस को दी शिकायत में पहले मामले में क्योड़क निवासी बलदेव ने बताया कि रविवार सांय वह बस अड्डे पर पुल के आगे खड़ा था कि पिहोवा की और से बाइक सवार क्योड़क निवासी खुशहाल आया। जब वह पुल के नीचे वाली पासिंग के पास पहुंचा तो गांव द्योरा की और से बाइक चालक से उसकी टक्कर हो गई। दूसरी बाइक पर सवार युवक भयंकर पट्टी क्योड़कनिवासी विक्रम था। इसके बाद वे खुशहाल को लेकर अस्पताल पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने खुशहाल को मृत घोषित कर दिया। यह हादसा विक्रम की लापरवाही के कारण हुआ है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी विक्रम के खिलाफ केस दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।
वहीं दूसरे मामले में पुलिस को दी शिकायत में अमेठी उत्तर प्रदेश के थाना मोहन गंज के गांव मटरोवा निवासी बांकेलाल ने बताया कि वह इस समय लक्ष्मी भट्ठा राजौंद में काम करता है। उसके साथ साथ रामबक्श भी अपनी पत्नी के साथ इसी भट्ठा पर मेहनत मजदूरी का काम करता था। रविवार को वह राम बक्श के साथ अपना घरेलू सामान खरीदने के लिए राजौंद गया था। जब वे वापस भट्ठे पर जा रहे थे तो असंध रोड पर स्थित पेट्रोल पंप के निकट एक कार चालक ने रामबख्श को टक्कर मार दी। कार चालक अपनी कार को मौका से भगाकर ले गया। इसके बाद रामबख्श को अस्पताल पहुंचाया गया। जहां रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने दोनों मामलों में रिपोर्ट दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है।