संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा प्रतियोगिता में आरोही राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रामगढ़ पांडवा के प्रतिभागियों ने दोनों वर्गों में प्रथम स्थान प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया, जबकि सड़क सुरक्षा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में श्री कपिल मुनि राजकीय महिला महाविद्यालय कलायत की छात्राओं ने द्वितीय स्थान हासिल किया।
आरोही राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के प्राध्यापक जितेंद्र राठौर ने बताया कि कक्षा 9 से 12 वर्ग में आभा रानी, निहाल व महक नरवाल की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं कक्षा 6 से 8 वर्ग में चंचल, महक व पंकज की टीम ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया। सभी विजेता प्रतिभागियों को पुलिस अधीक्षक कैथल द्वारा सम्मानित किया गया। विद्यालय के प्राचार्य अश्विनी कुमार मंगला ने बताया कि दोनों टीमों की तैयारी राजनीति विज्ञान के प्राध्यापक जितेंद्र राठौर ने करवाई है। अब ये टीमें मंडल स्तरीय प्रतियोगिता में कैथल जिले का प्रतिनिधित्व करेंगी, जो जनवरी माह में करनाल में प्रस्तावित है।
उधर, जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में श्री कपिल मुनि राजकीय महिला महाविद्यालय कलायत की छात्राओं ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। प्राचार्य डॉ. सुनील गर्ग ने बताया कि यह प्रतियोगिता पुलिस महानिदेशक हरियाणा एवं पुलिस महानिरीक्षक यातायात एवं हाईवे के निर्देशानुसार 30 दिसंबर 2025 को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान कैथल में आयोजित की गई थी।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में कुल 69 विद्यार्थियों ने भाग लिया। अंजलि, पूजा व रितेश की टीम ने भाग लेते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त किया। प्राचार्य व प्राध्यापकों ने छात्राओं को बधाई दी और यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया।