संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। करनाल रोड स्थित रेलवे फाटक के पास सोमवार देर रात अज्ञात युवकों ने कैलरम गांव निवासी असलम पर गंडासियों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमले में युवक लहुलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई, जिसे देखकर आरोपी कार में सवार होकर भाग निकले।
राहगीरों ने तुरंत घटना की सूचना सिविल लाइन थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सीआईए और सिविल लाइन थाना पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को सिविल अस्पताल भिजवाया, जहां उसका इलाज जारी है।
मंगलवार को पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान के प्रयास तेज कर दिए गए हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
सिविल लाइन थाना एसएचओ रामनिवास ने बताया कि करनाल रोड रेलवे फाटक के पास एक युवक पर अज्ञात युवकों द्वारा हमला किए जाने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। घटना में कैलरम गांव के एक युवक को सिर और टांगों पर चोटें आई हैं। हमले के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। जांच की जा रही है।