कैथल। चीका गांव में कुश्ती दंगल के दौरान एक युवक पर 12 आरोपियों ने तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। युवक आयोजन समिति में आए अतिथियों के लिए सामान लेने जा रहा था।
आरोपी उस युवक की सोने की चेन और रुपये भी छीन ले गए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। गुहला निवासी जय प्रकाश ने चीका थाना में दी शिकायत में बताया कि पांच फरवरी को चीका हाई स्कूल में कुश्ती दंगल फुल्ला अखाड़ा की तरफ करवाया जा रहा था। उसके चाचा बिंद्र सिंह पहलवान ने उसकी ड्यूटी अतिथियों की देखरेख में लगाई थी।
जब वह स्कूल से बाहर खाने का सामान लेने गया तो रवि ठाकुर संजय ठाकुर, रवि प्रजापत और अन्य आठ आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया। रवि ठाकुर ने उसके सिर में गंडासी मारी और संजय ठाकुर ने टांग पर तलवार मारी। संजू ने बाजू पर गंडासी और रवि प्रजापत ने बाइक की गरारी से उसकी गर्दन पर वार किया।
इसके बाद आरोपी मौके से भाग गए। आरोपी गले से आधा तोले सोने की चैन और 11 हजार रुपये छीन ले गए। चीका थाना प्रभारी सुरेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।