संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। नरड़ गांव का श्याम लाल (25) उस समय सड़क हादसे का शिकार हो गया, जब वह कांवड़ियों के स्वागत के लिए गांव टीक जा रहा था। हादसा ग्योंग और कठवाड़ गांवों के बीच हुआ। युवक बाइक से अपने अन्य साथियों के साथ गया था।
नरड़ गांव के कुछ युवक हरिद्वार से कांवड़ लेकर लौट रहे थे। बुधवार दोपहर जब वे गांव के पास पहुंचे तो श्याम लाल नामक युवक अपने दोस्तों के साथ उनके स्वागत के लिए टीक चला गया। लौटते समय ग्योंग और कठवाड़ के बीच उसकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
परिजन जब मौके पर पहुंचे तो देखा कि युवक खेत की पक्की मेड़ पर बाइक सहित गिरा हुआ था और उसका सिर मेड़ से टकराया हुआ था। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल में मौजूद युवक के चचेरे भाई राजेश ने बताया कि श्याम लाल सुबह गांव टीक गया था, जहां वह फल-फ्रूट आदि लेकर कांवड़ियों का स्वागत कर रहा था। इस दौरान उसे परिवार की ओर से फोन आया कि उसके घर पर कुछ रिश्तेदार कोथली (परंपरागत सौगात) लेकर आए हैं। वह तुरंत गांव के लिए लौट चला, लेकिन रास्ते में यह हादसा हो गया। श्याम लाल की शादी डेढ़ साल पहले हुई थी और उसकी 8 महीने की बेटी है। परिवार में पत्नी, माता-पिता हैं। वह एक शुगर मिल में काम करता था।
सदर थाना के जांच अधिकारी सलिंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम कराने के बाद में परिजनों को सौंप दिया गया।
ढांड में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला
ढांड। अग्रवाल कॉलोनी ढांड के पास सड़क किनारे एक अज्ञात अधेड़ व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही ढांड थाना प्रभारी रेखा रानी टीम के साथ पहुंचीं और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक की उम्र लगभग 45 वर्ष के आसपास प्रतीत हो रही है। उसने पायजामा पहन रखा था, लेकिन उसके पास से कोई पहचान पत्र या दस्तावेज बरामद नहीं हुआ, जिससे उसकी पहचान हो सके। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ की, लेकिन शव की शिनाख्त नहीं हो पाई। थाना प्रभारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला नागरिक अस्पताल, कैथल भेजा गया है, जहां उसे 72 घंटे तक पहचान के लिए सुरक्षित रखा जाएगा। पुलिस ने मृतक की पहचान के प्रयास के तहत सोशल मीडिया पर उसकी फोटो व जानकारी साझा की है। संवाद