कैथल। पूंडरी क्षेत्र के गांव साकरा के पास सोमवार दोपहर गाड़ी की टक्कर से बाइक सवार गांव रसीना निवासी 57 वर्षीय सतबीर की मौत हो गई जबकि उनकी पत्नी बाला देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से भाग गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची ढांड थाना पुलिस ने दोनों को कैथल के नागरिक अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने सतबीर को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर हालत के कारण उनकी पत्नी को रेफर कर दिया गया। महिला का एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
कौल से रसीना जाते समय हुआ हादसा
ढांड थाना प्रभारी बहादुर सिंह के अनुसार रविवार देर शाम सतबीर अपनी पत्नी बाला देवी के साथ बाइक पर सवार होकर गांव कौल से अपने गांव रसीना जा रहे थे। गांव साकरा के पास पहुंचने पर गाड़ी ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा देखकर राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया।
गांव जांबा के सरकारी स्कूल में थे चौकीदार
सतबीर गांव जांबा के सरकारी स्कूल में चौकीदार के पद पर कार्यरत थे। उनके परिवार में दो बेटे और एक बेटी हैं। तीनों की शादी हो चुकी है। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। आरोपी चालक और वाहन की पहचान के लिए जांच की जा रही है।