धान से लदे ट्रक में पीछे से टकराया टैंकर, आग लगने से जिंदा जला चालककलायत। राष्ट्रीय राजमार्ग पर शिमला गांव के पास वीरवार देर रात सड़क पर खड़े ट्रक में पीछे से टकराने पर मेथेनॉल से भरे टैंकर में आग लग गई। आग लगने से टैंकर चालक जिंदा जल गया। सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। छह दमकल गाड़ियों ने काफी मशक्कत के बाद टैंकर में लगी आग पर काबू पाया। चालक तीराराम राजस्थान के जिला जालौर के सोबरावास गांव का रहने वाला था और गुजरात नंबर का मेथेनॉल से भरा टैंकर लेकर कांडला से अंबाला जा रहा था। इस हादसे में दोनों ट्रक आग की भेंट चढ़ गए। टक्कर के बाद हुए धमाके से आग की लपटें दूर तक दिखाई दीं। हादसे के बाद राजमार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
कलायत थाना प्रभारी रणदीप सिंह ने बताया कि उन्हें वीरवार रात करीब 10:30 बजे डायल 112 पर शिमला गांव के बस स्टैंड के पास टैंकर में आग लगने की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो दो ट्रक आग की चपेट में थे। गांव शिमला के पास मुख्य मार्ग पर धान से भरा ट्रक खड़ा था। उसके टायर गर्म होने के कारण चालक उन्हें चेक कर रहा था। इसी दौरान पीछे से आए टैंकर ने खड़े ट्रक में टक्कर मार दी। इसके बाद धमाके के साथ दोनों वाहनों में आग लग गई।
थाना प्रभारी के अनुसार, आग पर काबू पाने के बाद पता चला कि मेथेनॉल से भरे टैंकर का चालक केबिन से बाहर नहीं निकल पाया था। आग में झुलसने से उसकी मौत हो गई। वहीं धान से भरे ट्रक का चालक गुरविंदर सिंह निवासी दरियापुर, जिला फतेहाबाद सुरक्षित है। वह फतेहाबाद से धान लेकर चीका जा रहा था। टायर गर्म होने के कारण उसने ट्रक सड़क किनारे रोक रखा था और उनकी जांच कर रहा था। इसी दौरान हादसा हो गया। संवाद
दमकल की छह गाड़ियों ने बुझाई आग
हादसे की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग इतनी भीषण थी कि दोनों ट्रक बुरी तरह जल गए। राष्ट्रीय राजमार्ग पर आग की ऊंची लपटों और धुएं के कारण आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल रहा। पुलिस ने युवक के परिजनों को हादसे की सूचना दी थी। शुक्रवार शाम मृतक के परिजन कलायत थाने पहुंचे। थाना प्रभारी ने बताया कि युवक के भाई के बयान के आधार पर पुलिस मामला दर्ज करने की कार्रवाई कर रही है। डीएसपी रोहताश ने बताया कि मामले की जांच कर रहे हैं।
-
क्या होता है मेथेनॉल
मेथेनॉल रंगहीन, ज्वलनशील और जहरीला तरल पदार्थ है। इसे मिथाइल अल्कोहल या वुड अल्कोहल भी कहा जाता है। इसका उपयोग ईंधन और कुछ ईंधन मिश्रणों के अलावा पेंट, वार्निश, सॉल्वेंट तथा रसायन और प्लास्टिक उद्योग में किया जाता है। एंटीफ्रीज और अन्य औद्योगिक उत्पादों के निर्माण में भी इसका इस्तेमाल होता है। ज्वलनशील होने के कारण मेथेनॉल से भरे टैंकर में आग लगना गंभीर खतरा पैदा कर सकता है। हादसे में दोनों ट्रक आग की चपेट में आकर जल गए।