संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जिले में लिंगानुपात की मौजूदा स्थिति की समीक्षा और सुधार के उद्देश्य से शुक्रवार को लघु सचिवालय सभागार में जिला स्टैंडिंग कमेटी की बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त प्रीति ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पीएनडीटी, एमटीपी और एआरटी अधिनियम के प्रावधानों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए।
डीसी ने कहा कि कमेटी मुख्य रूप से उन गांवों पर फोकस करे जहां लिंगानुपात औसत से कम है या पिछले आंकड़ों की तुलना में गिरावट दर्ज की गई है। गिरावट के कारणों की पहचान कर इस समस्या से निपटने के लिए ठोस रणनीति बनाई जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कन्या भ्रूण हत्या गंभीर अपराध है, इसे रोकने के लिए कड़े कदम उठाए जाएं।
उन्होंने कहा कि जिले के अल्ट्रासाउंड, एमटीपी और आईवीएफ केंद्रों की निगरानी और चेकिंग नियमित रूप से की जाए। साथ ही, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रमों की गति तेज की जाए। महिला एवं बाल विकास विभाग की कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिए गए कि सभी आंगनबाड़ी वर्कर और आशा वर्कर को सक्रिय रखा जाए। किसी को भी लिंग जांच या गर्भपात से संबंधित जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस या स्वास्थ्य विभाग को दें। सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा।
पुलिस विभाग को निर्देश दिए गए कि प्रत्येक थाना प्रभारी के पास उनके क्षेत्र में संचालित सभी अल्ट्रासाउंड और एमटीपी केंद्रों की सूची होनी चाहिए। यदि अवैध केंद्र संचालित पाए जाते हैं तो संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय होगी। लिंग जांच और कन्या भ्रूण हत्या में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
डीसी ने उम्मीद जताई कि इन प्रयासों से जिले के लिंगानुपात में सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा। इस अवसर पर सीएमओ डॉ. रेणु चावला, डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. सचिन मांडले, डीएसपी सुशील प्रकाश, जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी नसीब सैनी, महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी गुरजीत कौर, डॉ. चेतन वर्मा, डॉ. अजय कुमार, राजेश कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
आशा वर्कर का जत्था 15 से चलाएगा अभियान
कैथल। जिले में घटते लिंगानुपात को लेकर आशा वर्कर यूनियन हरियाणा ने चिंता जताई है। यूनियन द्वारा एक सितंबर से शुरू किए गए दो जत्थों में से एक जत्था 15 सितंबर को कैथल पहुंचेगा। इस जत्थे की अगुवाई मजदूर संगठन सीटू की राज्य प्रधान व यूनियन महासचिव सुरेखा और उपप्रधान कमलेश दादरी कर रही हैं।
आशा वर्कर यूनियन की जिला सचिव कविता राणा और सीटू जिला सचिव नरेश रोहेड़ा ने बताया कि जत्थे के स्वागत और तैयारियों को लेकर जिले में व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान दोनों दिन 10 सभाएं आयोजित की जाएंगी।
गत दिवस पाड़ला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर हुई बैठक में नरेश रोहेड़ा और यूनियन नेत्री मीना संगतपुरा ने आशा कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि यूनियन ने मांगों के साथ पहली बार एक सामाजिक बुराई- कन्या भ्रूण हत्या- के खिलाफ जन जागरण जत्था शुरू किया है। संवाद