कैथल। गांधी जयंती के अवसर पर शुक्रवार को जिले की सभी 277 ग्राम पंचायतों में होने वाली विशेष ग्राम सभा इस बार कई मायनों में अहम होगी। यह सभा केवल विकास कार्यों की समीक्षा तक सीमित नहीं रहेगी बल्कि गांवों में बाल विवाह रोकने से लेकर गांव को कचरा-मुक्त बनाने तक के फैसले लिए जाएंगे। सुबह 11 बजे आयोजित होने वाली विशेष ग्राम सभाओं में ग्रामीणों की सहभागिता से गांव के विकास की आगामी योजनाओं पर चर्चा होगी और कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए जाएंगे।
ग्राम सभा में ग्रामीणों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। सभा में स्वच्छता की शपथ दिलाने के साथ गांव के विकास और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा कर आवश्यक प्रस्ताव पारित किए जाएंगे। इस बार ग्राम सभा का एक महत्वपूर्ण एजेंडा गांव को बाल विवाह मुक्त घोषित करने की दिशा में कार्रवाई करना है। महिला एवं बाल विकास विभाग और समाज कल्याण विभाग के समन्वय से गांव में बाल विवाह की स्थिति का सत्यापन किया जाएगा। इसके बाद ग्राम सभा में सहमति प्रस्ताव पारित कर गांव को बाल विवाह मुक्त घोषित करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। सत्यापन के बाद प्रमाणपत्र जारी करने की कार्रवाई भी की जाएगी।
कचरा-मुक्त गांव बनाने की बनेगी कार्ययोजना
स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत ग्राम पंचायत, सरपंच, पंच, सफाई मित्र, स्वयं सहायता समूह, युवा क्लब, आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं समेत अन्य प्रमुख लोगों को एक मंच पर लाया जाएगा। गांव में सफाई व्यवस्था की समीक्षा के साथ यह तय किया जाएगा कि कचरा कहां जमा हो रहा है और उसके निस्तारण की व्यवस्था किस तरह बेहतर की जाए। गांव को स्वच्छ एवं कचरा-मुक्त बनाने के लिए कार्ययोजना पर सहमति बनाई जाएगी। ग्रामीणों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई जाएगी।
एक साल का विकास प्लान ग्रामीण तय करेंगे
वर्ष 2026-27 की ग्राम पंचायत विकास योजना यानी जीपीडीपी तैयार करने की प्रक्रिया भी ग्राम सभा में पूरी की जाएगी। ग्रामीण अपने गांव की जरूरतों के अनुसार विकास कार्यों को प्राथमिकता देने पर चर्चा करेंगे। विकसित ग्राम पंचायत योजना के तहत भी स्थानीय आवश्यकताओं और समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए प्रस्ताव तैयार किए जाएंगे। सेवा संकल्प अभियान के तहत पहले किए गए जनकल्याणकारी कार्यों की उपलब्धियां ग्रामीणों के सामने रखी जाएंगी और आगामी कार्यों की प्राथमिकता तय होगी।
पानी, जलभराव और नशे पर भी होगी चर्चा...
ग्राम सभा में पेयजल आपूर्ति, जल स्रोतों की स्वच्छता, हर घर जल व्यवस्था, गंदे पानी की निकासी, अमृत सरोवर और जलभराव की स्थिति पर भी चर्चा होगी। गांव में नशे की स्थिति के लिए भी ग्रामीणों से जानकारी लेकर जागरूकता और रोकथाम के लिए आवश्यक कदमों पर चर्चा की जाएगी।
परिवार पहचान पत्र में छूटे नाम जुड़वाने का मौका
परिवार पहचान पत्र के डाटा का सत्यापन भी ग्राम सभा के एजेंडे में शामिल है। परिवारों के विवरण और आय संबंधी जानकारी की जांच, गलतियों में सुधार और छूटे हुए पात्र व्यक्तियों के नाम जोड़ने की प्रक्रिया पर चर्चा होगी। इसके अलावा सामाजिक पेंशन के लाभार्थियों का सत्यापन और सरकारी योजनाओं की जानकारी भी ग्रामीणों को दी जाएगी।
एक साल में तीन ग्राम सभा अनिवार्य
ग्राम पंचायतों में गांव के विकास व सामूहिक फैसलों के लिए कम से कम एक साल में तीन ग्राम सभा अनिवार्य हैं। इसके अलावा जैसे गांधी जयंती या अन्य मौकों पर विशेष ग्राम सभा भी बुलाई जा सकती हैं। शुक्रवार को होने वाली विशेष ग्राम सभा भी इसी श्रेणी में आती हैं।
विकास एवं पंचायत विभाग के निर्देशानुसार जिले की सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभा आयोजित की जाएगी। विशेष ग्राम सभा का उद्देश्य ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी से पारदर्शी, सहभागी और योजनाबद्ध ग्राम विकास को बढ़ावा देना है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में ग्राम सभा में पहुंचकर गांव के विकास और सामाजिक सुधार से जुड़े विषयों पर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
- रितु लाठर, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी, कैथल।