गुहला-चीका। राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चीका में प्रवेश उत्सव मनाया गया। इस मौके पर स्कूल के अध्यापकों व छात्रों ने रैली निकाला अभिभावकों को बच्चों का सरकारी स्कूल में नामांकन करवाने के लिए प्रेरित किया।
रैली के माध्यम से स्कूल में प्रवेश लेने वाले नए विद्यार्थियों का स्वागत करना व शिक्षा के प्रति उनमें जागरूकता लाना था। रैली के दौरान छात्राओं ने शिक्षा का सच्चा आधार, सरकारी विद्यालय है शानदार व कम शुल्क उच्च शिक्षा, बने बेटियों की तकदीर की दिशा के नारे भी लगाए।
प्रधानाचार्य अशोक कुमार ने बताया कि विद्यालय का वार्षिक परीक्षा परिणाम शत प्रतिशत रहता है और यहां छात्राओं को अंग्रेजी एवं हिंदी दोनों माध्यमों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान की जाती है।
उन्होंने बताया कि विद्यालय में मेडिकल, नॉन मेडिकल, कॉमर्स व आट्र्स संकाय के साथ अत्याधुनिक विज्ञान प्रयोगशालाएं सहित हर तरह की सुविधाएं उपलब्ध हैं। संवाद
कन्या स्कूल में हवन संग प्रवेश उत्सव शुरू
सीवन। नगर के पीएम श्री कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में नए सत्र के प्रारंभ पर हवन का आयोजन किया गया। प्रधानाचार्य धर्मपाल सहारण की ओर से विद्यार्थियों के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए यह हवन किया गया।
संस्कृत विषय की प्राध्यापिका पिंकी ने मंत्रोच्चार के साथ हवन करवाया। इस हवन में अध्यापकों, व विद्यार्थियों ने भाग लिया और पूर्णाहुतियां डालीं। प्रबंधन समिति के सदस्य श्यामलाल व स्टाफ ने विद्यार्थियों का फूल मालाओं और तिलक लगाकर स्वागत किया। धर्मपाल सहारण ने कहा कि नैतिक मूल्यों से युक्त शिक्षित और अनुशासित बच्चे ही देश को आगे ले जा सकते हैं। संवाद