गुहला-चीका। चीका अनाज मंडी का एक आढ़ती दूसरे दिन भी बोरी के साथ अधिक गेहूं तोलते हुए पकड़ा गया है। इस आढ़ती को मार्केट कमेटी ने नोटिस भेजा है।
मंगलवार को भारतीय किसान यूनियन के लोगों ने मार्केट कमेटी सचिव सतबीर राविश से गेहूं तौल में गड़बड़ी करने संबंधी शिकायत दी थी। मार्केट कमेटी के सहायक सचिव रोहतास सिंह, मंडी सुपरवाइजर रमेश कुमार, एआर विरेन्द्र कुमार की टीम ने मंडी में जाकर तोल की जांच की।
इस दौरान आढ़ती प्रति बोरी के साथ आधा किलो ज्यादा गेहूं तोलते हुए पाया गया। यही आढ़ती एक दिन पहले भी बोरी के साथ अढ़ाई किलो अधिक गेहूं तोलते हुए मार्केट कमेटी की टीम ने पकड़ा था और आढ़ती पर 10 हजार रुपये जुर्माना किया गया था।
आज दूसरी बार तोल में गड़बड़ करने के आरोप में मार्केट कमेटी सचिव ने आढ़ती को लाइसेंस रद्द करने को लेकर नोटिस भेजा है। किसान यूनियन नेता हरदीप बदसुई ने सरकार से मांग की है कि इस आढ़तियों के लाइसेंस को रद्द किया जाए।
उन्होंने कहा कि पहले जुर्माने के बाद फिर किसानों की शिकायत पर तोल की जांच की गई तो वहीं आढ़ती 500 ग्राम अधिक गेहूं तोलते हुए पाया गया है। आढ़ती को आज शाम तक का नोटिस दिया है इसके बाद उसके खिलाफ उचित कानूनी कार्यवाही की जाएगी। मामले को लेकर एसडीएम को भी सूचित कर दिया गया है। संवाद