कैथल। जिले के गांव थेह बुटाना में तेज रफ्तार कार चालक ने मोटरसाइकिल सवार 50 वर्षीय राजकुमार को टक्कर मार दी। इस हादसे में व्यक्ति सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
अस्पताल में डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस संबंध में मृतक के भतीजे ने गुहला थाना में शिकायत दी है। पुलिस ने शिकायत पर कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। राजकुमार काम से घर लाैट रहा था।
गांव कसौर के सतपाल ने गुहला थाना में दी शिकायत में बताया कि वह मकान की चिनाई का काम करता है। उसका चाचा राज कुमार भी यही काम करता था। वह बाइक पर सवार होकर अपने काम पर गांव अगोंध में गया हुआ था। जब रात के समय वह काम से फ्री होकर वापस आ रहा था और गांव थेह बुटाना के पास पहुंचा, तो खरकां की ओर से आ रहे एक कार चालक ने उसके चाचा राजकुमार की बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही वह सड़क पर गिर गया और उसका चाचा गंभीर रूप से घायल हो गया। पूछने पर कार ड्राइवर ने अपना नाम सोहन सिंह बताया, जो गांव भागल का रहने वाला है। वे उसके चाचा को अस्पताल लेकर गए, जहां जांच के बाद डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शिकायतकर्ता ने आरोपी कार ड्राइवर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। संवाद