संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। मोबाइल फोन पर लिंक व एप भेजकर अज्ञात आरोपी द्वारा एक युवक के क्रेडिट कार्ड से 94 हजार रुपये निकालने का मामला सामने आया है। जैसे ही पीड़ित के मोबाइल पर रुपये कटने के संदेश आए, उसने तुरंत संबंधित एप को अपने मोबाइल फोन से डिलीट कर दिया और साइबर ठगी की जानकारी साइबर थाना पुलिस को दी। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
साइबर थाना पुलिस को दी शिकायत में डिफेंस कॉलोनी, करनाल रोड कैथल निवासी अनीष कुमार ने बताया कि उसके पास एक्सिस बैंक का क्रेडिट कार्ड है। दो जनवरी को उसके मोबाइल फोन पर एक अज्ञात मोबाइल नंबर से लिंक/एप भेजी गई थी। उसने जैसे ही उस लिंक पर क्लिक किया, उसके मोबाइल फोन में एक एप इंस्टॉल हो गई। इसके बाद उसके क्रेडिट कार्ड से रुपये कटने शुरू हो गए। तब उसे धोखाधड़ी का पता चला।
पीड़ित ने बताया कि उसके क्रेडिट कार्ड से एक बार में 81,419 रुपये और दूसरी बार में 12,651 रुपये कटने के दो अलग-अलग संदेश प्राप्त हुए। जैसे ही उसे ठगी का एहसास हुआ, उसने तुरंत मोबाइल से उस एप को डिलीट कर दिया। शिकायतकर्ता के अनुसार अज्ञात आरोपी ने धोखाधड़ी से कुल 94,070 रुपये उसके खाते से निकाल लिए। पीड़ित व्यक्ति ने पुलिस से मांग की है कि आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए और उसके निकाले गए रुपये वापस दिलवाए जाएं।
पुलिस को शिकायत प्राप्त हुई है। शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपी की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी। -शुभ्रांशु एसएचओ, साइबर थाना