कलायत। श्री रैदास तख्त प्रबंध कमेटी की ओर से 7 सितंबर को कलायत स्थित श्री रैदास तख्त से प्राचीन कपिल मुनि तीर्थ तक भव्य कलश वंदन यात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद समाज सेवी संगठनों और शासन-प्रशासन के सहयोग से प्राचीन कपिल मुनि तीर्थ के विकास व संत शिरोमणि गुरु रविदास के इतिहास को सहेजते हुए श्री रैदास तख्त को खास पहचान देने की मुहिम तेज की जाएगी। श्री तख्त प्रबंध कमेटी प्रधान डाॅ. प्रीतम मेहरा कौलेखां ने बताया कि देश-दुनिया में संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज के 650वें जन्मोत्सव को खास तरह सेे मनाने का उत्साह देखने को मिल रहा है। इस जन्मोत्सव में उमंग के रंग भरने के लिए भव्य कलश वंदन यात्रा निकालने का निर्णय लिया गया है। श्री रैदास तख्त के महंत महात्मा गुरु प्रसाद के मार्ग दर्शन में यह आयोजन होगा। इसमें विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी-कार्यकर्ताओं के साथ-साथ आम श्रद्धालु हिस्सा लेंगे। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश महामंत्री सत्यप्रकाश जरावता मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।