गुहला चीका। कैथल में आयोजित होने वाली भगवान महाराजा अग्रसेन की जयंती को भव्य व ऐतिहासिक बनाने के लिए अग्रवाल सभा कैथल की ओर से तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं। इसी कड़ी में अग्रवाल सभा कैथल के प्रधान रामप्रताप गुप्ता चीका स्थित अग्रवाल धर्मशाला पहुंचे, जहां उन्होंने अग्रवाल समाज के लोगों से मुलाकात कर जयंती समारोह में शामिल होने का निमंत्रण दिया।
अग्रवाल धर्मशाला चीका के प्रधान कुलवंत राय गोयल ने समस्त अग्रवाल समाज की ओर से निमंत्रण स्वीकार करते हुए कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आश्वासन दिया। रामप्रताप गुप्ता ने कहा कि महाराजा अग्रसेन केवल अग्रवाल समाज के ही नहीं बल्कि संपूर्ण मानवता के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनके जीवन का मूल संदेश समानता, सेवा, सहयोग, सामाजिक समरसता और जनकल्याण था। उनके आदर्श आज भी समाज को एकजुट होकर आगे बढ़ने और जरूरतमंदों की सहायता करने की प्रेरणा देते हैं।
11 अक्तूबर को निकलेगी भव्य शोभायात्रा
रामप्रताप गुप्ता ने बताया कि 11 अक्तूबर, रविवार को कैथल शहर में महाराजा अग्रसेन जी की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा में अग्रवाल समाज के हजारों पुरुषों, महिलाओं और युवाओं के शामिल होने की उम्मीद है। ढोल-नगाड़ों, गाजे-बाजे और उत्साहपूर्ण वातावरण के बीच निकाली जाने वाली यह शोभायात्रा महाराजा अग्रसेन जी के आदर्शों, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत का संदेश देगी। रामप्रताप गुप्ता ने बताया कि 12 अक्तूबर को कैथल के वृंदावन गार्डन में महाराजा अग्रसेन जी की जयंती के उपलक्ष्य में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर मंडी प्रधान कर्मचंद गर्ग, सैलर एसोसिएशन प्रधान रामसरूप जिंदल, गौशाला प्रधान दर्शन लाल, महावीर मटोरिया, आसू गोयल, कमल गोयल, मिंकू सिंगला, राजकुमार गर्ग, राजकुमार जखोली, राजेश गर्ग और राजू गोरा उपस्थित रहे।
चीका में महाराजा अग्रसेन जयंती को लेकर निमंत्रण देते रामप्रताप गुप्ता। विज्ञप्ति