संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। पुलिस लाइन मैदान पर शुक्रवार को गणतंत्र दिवस समारोह में विधानसभा डिप्टी स्पीकर रणबीर सिंह गंगवा बतौर मुख्यातिथि राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और परेड की सलामी लेंगे। इस मौके पर देशभक्ति की झलक दिखेगी। साथ ही स्कूलों के बच्चे भी सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश करेंगे। कार्यक्रम के लिए पुलिस व प्रशासन ने कड़े सुरक्षा प्रबंध किए हैं।
कार्यक्रम के संबंध में वीरवार को डीसी प्रशांत पंवार व एसपी उपासना ने पुलिस लाइन का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। डीसी ने बताया कि इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डिप्टी स्पीकर रणबीर सिंह गंगवा सुबह 10 बजे ध्वज फहराएंगे। इससे पहले मुख्य अतिथि द्वारा शहीद स्मारक पर जाकर अमर शहीदों को पुष्प चक्र भेंट कर श्रद्धांजलि दी जाएगी। समारोह में ध्वज फहराने के बाद परेड निरीक्षण होगा। फिर मुख्यातिथि डिप्टी स्पीकर रणबीर सिंह गंगवा का जिला वासियों के नाम संबोधन होगा।
फिर मार्च पास्ट होगा के बाद स्कूली बच्चों द्वारा सामूहिक पीटी शो, डंबल लेजियम, सूर्य नमस्कार व योगा की प्रस्तुति होगी। समारोह में विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति व लोक संस्कृति को परिभाषित करती हुई प्रस्तुतियां भी होंगी। प्रदेश की विकासात्मक यात्रा पर आधारित झांकियों का प्रदर्शन होगा। इस मौके पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों, समाज सेवकों को भी सम्मानित किया जाएगा।
इसी प्रकार उपमंडल गुहला में समारोह का आयोजन राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के मैदान में व कलायत में उपमंडल स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन अनाज मंडी में होगा। उपमंडल स्तरीय कार्यक्रम गुहला में विधायक रामनिवास व कलायत में विधायक ईश्वर सिंह राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे।
इन स्कूलों के बच्चों की होगी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां ःसमारोह में विभिन्न स्कूलों की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। इनमें पूंडरी खंड के विभिन्न सरकारी स्कूल के बच्चों द्वारा सूर्य नमस्कार व संगीतमय योगा, हिंदू कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की छात्राएं भंगड़ा, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गीता भवन व जाखौली अड्डा का हरियाणवी नृत्य और सुर्पाश्व जैन पब्लिक स्कूल के बच्चे नृत्यावली की प्रस्तुति देंगे। ओएसडीएवी पब्लिक स्कूल के बच्चे राष्ट्रीय गान की प्रस्तुति भी देंगे।
टुकडि़यां करेंगी मार्चपास्ट ः जिला पुलिस पुरुष व महिला, जिला होम गार्ड, आरकेएसडी कॉलेज एनसीसी विंग, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की गर्ल्स गाइड, स्काउट व प्रजातंत्र की प्रहरी मार्च पास्ट करेंगे।
एसपी उपासना ने बताया कि सभी थाना प्रबंधकों ने सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर अपने-अपने अधिकार क्षेत्र में पड़ने वाले सभी होटल, लॉज, धर्मशाला सहित अन्य धार्मिक स्थानों की जांच करते हुए वहां पर ठहरे हुए लोगों की जानकारी प्राप्त की है। एसपी ने बताया कि संदिग्ध व्यक्ति के होटल में ठहरने पर पुलिस को तुरंत सूचित करने की हिदायत दी गई है। खुफिया तंत्र भी सुरक्षा व्यवस्था पर अपनी पैनी नजर बनाए हुए है। परेड का नेतृत्व डीएसपी ललित कुमार करेंगे। इससे पहले मुख्य अतिथि शहीद स्मारकों पर जाकर पुष्प अर्पित कर अमर शहीदों को अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
एसपी ने बताया कि गणतंत्र दिवस समारोह स्थल पर क्यूआरटी स्ट्राइकिंग रिजर्व, लिफ्टिंग पार्टी, बम डिस्पोजल सहित विभिन्न टीमें तैनात रहेंगी। गणतंत्र दिवस समारोह के सुरक्षा के दृष्टिगत करीब 600 कर्मचारी-अधिकारियों की विभिन्न बिंदुओं पर ड्यूटी लगाई गई है।