संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। अग्रवाल युवा सभा की महिला इकाई द्वारा श्री सनातन धर्म मंदिर परिसर में आयोजित बैसाखी महोत्सव में संस्कृति और एकता की झलक दिखी। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं और बच्चों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। विजेता महिलाओं को सम्मानित भी किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा कैथल जिलाध्यक्ष ज्योति सैनी और नगर परिषद अध्यक्ष सुरभि गर्ग उपस्थित रहीं। ज्योति सैनी ने कहा कि ऐसे सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम समाज में एकता, सहयोग और महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देते हैं।
उन्होंने महिला इकाई के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ये आयोजन हमारी परंपराओं को जीवित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सुरभि गर्ग ने कहा कि महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। ऐसे मंच महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करते हैं और उनकी भूमिका को सशक्त बनाते हैं।
इस मौके पर अग्रवाल युवा सभा के प्रधान रामप्रताप गुप्ता ने बताया कि सभा द्वारा समय-समय पर सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिनका उद्देश्य समाज को एकजुट करना और नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ना है। उन्होंने बताया कि 52 वर्षों में पहली बार इस प्रकार का आयोजन किया गया और इसकी सफलता के लिए सभी का आभार जताया।
कार्यक्रम दोपहर 2 से शाम 6 बजे तक चला। अच्छी प्रस्तुति देने वालों को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम में लक्की ड्रा के माध्यम से विभिन्न उपहार भी वितरित किए गए। इसके अलावा कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न स्टॉल और नाश्ते की व्यवस्था भी की गई थी।
इस अवसर पर चेयरमैन रामकुमार बंसल, उपाध्यक्ष संजय बंसल, महासचिव मोहनलाल गुप्ता, सह सचिव हिमांशु गोयल, कोषाध्यक्ष सुभाष बंसल, किरण सिंगला, बबीता अग्रवाल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।